मेडिकल कॉलेज आंदोलन को शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप पंवार का समर्थन
टिहरी गढ़वाल 6 अक्टूबर। टिहरी में मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर चल रहा आंदोलन और तेज हो गया। सोमवार को संयुक्त संघर्ष समिति के नेतृत्व में आंदोलनकारियों ने मुख्यमंत्री को खून से लिखे पत्र भेजकर टिहरी में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की मांग उठाई। आंदोलन स्थल पर युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने हाथों में ‘हमें चाहिए टिहरी में मेडिकल कॉलेज’ लिखे पोस्टकार्ड लेकर प्रदर्शन किया।
आंदोलनकारियों ने कहा कि टिहरी ने देश को बिजली देने के लिए अपने घर, खेत और शहर तक का बलिदान दिया, लेकिन स्वास्थ्य सुविधाओं के मामले में आज भी जिले के लोगों को बेहतर उपचार के लिए ऋषिकेश और देहरादून जाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से उठ रही मेडिकल कॉलेज की मांग पर अब सरकार को ठोस निर्णय लेना चाहिए।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह पंवार ने आंदोलन को समर्थन देते हुए कहा कि जब स्याही से लिखे पत्रों से सरकार तक टिहरी का दर्द नहीं पहुंच रहा है, तो युवाओं ने अपने खून से मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है। उन्होंने इसे टिहरी के बलिदान का प्रतीक बताते हुए कहा कि मेडिकल कॉलेज टिहरी की जरूरत और अधिकार है। पंवार ने कहा कि मेडिकल कॉलेज बनने से स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ ही रोजगार और अन्य अवसरों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि घोषणा होने तक संघर्ष जारी रहेगा।
इस दौरान संयुक्त संघर्ष समिति के संयोजक राकेश भूषण गोदियाल, प्रदेश महामंत्री विजय गुनसोला, देवेन्द्र नौटियाल, विजय नेगी, आशा रावत, बीरेन्दर दत्त, मनीष पंत, भगवान सिंह रावत, संदीप सिंह, अनिता देवी सहित कांग्रेस, युवा कांग्रेस, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। आंदोलनकारियों ने एक स्वर में ‘टिहरी मांगे मेडिकल कॉलेज’ का नारा बुलंद किया।




