प्रतापनगर की सड़क, पेयजल और स्वास्थ्य समस्याओं को लेकर सीएम से मिलीं सोना सजवाण

Govind Pundir
3 Min Read
खबर को सुनें

डोबरा-चांठी और मोटणा-मदननेगी मोटर मार्गों के सुधारीकरण की स्वीकृति पर जताया आभार, लंबगांव बाइपास से जाम की समस्या दूर होने की उम्मीद

टिहरी गढ़वाल/ देहरादून। जड़ी-बूटी सलाहकार परिषद की उपाध्यक्ष एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सोना सजवाण ने देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट कर प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र की सड़क, स्वास्थ्य, पेयजल और सिंचाई से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की समस्याओं के समाधान और विकास योजनाओं को आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया।
शुक्रवार को हुई मुलाकात के दौरान सोना सजवाण ने प्रतापनगर क्षेत्र में सड़क सुविधाओं के विस्तार और बदहाल मार्गों के सुधारीकरण की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने डोबरा-चांठी तथा मोटणा-मदननेगी मोटर मार्गों के सुधारीकरण एवं पुनर्निर्माण के लिए वित्तीय स्वीकृति दिए जाने पर मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि लंबगांव बाइपास मार्ग के निर्माण से कस्बे में लंबे समय से बनी जाम की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रतापनगर के समग्र विकास के लिए सरकार विभिन्न योजनाओं पर काम कर रही है। एडीबी सहायतित रिंग रोड के द्वितीय चरण को क्षेत्र के विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि इसके पूरा होने से प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र को विशेष लाभ मिलेगा। क्षेत्र में सड़क, पेयजल और सिंचाई से संबंधित कई योजनाओं को भी स्वीकृति दी गई है।
सोना सजवाण ने जल जीवन मिशन के तहत कार्य करने वाले स्थानीय ठेकेदारों का लंबे समय से भुगतान लंबित होने का मुद्दा भी उठाया। इस पर मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार से वार्ता कर समस्या के समाधान का प्रयास करने की बात कही। उन्होंने क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए भी मुख्यमंत्री को विभिन्न सुझाव दिए।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद सोना सजवाण ने भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) फणींद्र नाथ शर्मा से भी भेंट की। इस दौरान संगठन के आगामी कार्यक्रमों, बूथ सशक्तिकरण और विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा हुई। सजवाण ने कहा कि प्रतापनगर में भाजपा का विधायक चुनकर लाने के लक्ष्य के साथ पार्टी कार्यकर्ता अभी से सक्रिय हो गए हैं और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने में जुटे हैं।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!