सनातन पर भाजपा का कांग्रेस पर तीखा हमला, मेडिकल कॉलेज पर बड़ा दावा

Govind Pundir
3 Min Read
खबर को सुनें

प्रदेश प्रवक्ता कुंवर जपेंद्र सिंह बोले—भाजपा सनातन मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध, 27 में सत्ता में आते ही टिहरी को मिलेगा मेडिकल कॉलेज


टिहरी गढ़वाल 3 अक्टूबर। सनातन धर्म और उसकी परंपराओं को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता कुंवर जपेंद्र सिंह ने भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि भाजपा सनातन धर्म के मूल्यों, परंपराओं और सम्मान के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कांग्रेस की विचारधारा पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस कई मौकों पर सनातन परंपराओं के प्रति विरोधी रुख अपनाती रही है।

उन्होंने श्राद्ध पक्ष के दौरान युवा मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी द्वारा सनातन परंपराओं का निर्वहन करने को लेकर कांग्रेस द्वारा की गई कथित टिप्पणियों पर नाराजगी जताई । उन्होंने कांग्रेस में सनातन परंपराओं को मानने वाले कार्यकर्ताओं से भी अपनी आवाज बुलंद करने का आह्वान किया।
शनिवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में कुंवर जपेंद्र सिंह ने कहा कि सनातन केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और जीवन पद्धति का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्थाओं और परंपराओं का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने भाजपा को सनातन मूल्यों के संरक्षण और सम्मान के प्रति प्रतिबद्ध पार्टी बताया तथा कांग्रेस की विचारधारा को लेकर सवाल खड़े किए।

27 में फिर से सत्ता में आते ही टिहरी में बनाएंगे मेडिकल कॉलेज- जपेंद्र

टिहरी में लंबे समय से चल रहे मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने सरकार का पक्ष रखते हुए कहा कि मुख्यमंत्री और सरकार इस विषय को लेकर गंभीर हैं। उन्होंने दावा किया कि यदि जनता भाजपा को अगले पांच वर्षों के लिए पुनः जनादेश देती है तो आगामी योजना के तहत टिहरी में उच्च गुणवत्ता वाला मेडिकल कॉलेज और अस्पताल स्थापित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज की स्थापना से टिहरी जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को नई दिशा मिलेगी और स्थानीय लोगों को गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए देहरादून अथवा अन्य बड़े शहरों की ओर जाने की मजबूरी कम होगी। उन्होंने इसे जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव की दिशा में कदम बताया।

मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर नई टिहरी में 49 दिनों से चल रहे धरना-प्रदर्शन और क्रमिक अनशन के बीच भाजपा प्रदेश प्रवक्ता का 2027 में सत्ता में आते ही मेडिकल कॉलेज स्थापित करने का दावा सामने आया है।

इधर गणेश चौक पर आंदोलनरत अनशनकारी सरकार से आश्वासन नहीं, बल्कि स्पष्ट निर्णय की मांग कर रहे हैं। ऐसे में भाजपा के इस बयान ने आंदोलन के बीच सियासी बहस को और तेज कर दिया है।

पत्रकार वार्ता में भाजपा व्यवसायिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक लच्छू गुप्ता, जिला महामंत्री बलवंत रावत, मीडिया प्रभारी राजेंद्र प्रसाद चमोली तथा कार्यालय प्रभारी जयेंद्र पंवार मौजूद रहे।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!