अगरौड़ा धारमंडल कॉलेज में आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण, 55 छात्र-छात्राओं ने सीखी बचाव तकनीक

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल 7 अक्टूबर। जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) टिहरी गढ़वाल की ओर से बुधवार को राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अगरौड़ा धारमंडल में आपदा जनजागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं और स्टाफ को आपदा से पहले, दौरान और बाद में बरती जाने वाली सावधानियों के साथ खोज-बचाव एवं प्राथमिक उपचार की तकनीकों की जानकारी दी गई।

DDMA के मास्टर ट्रेनर अनिल सकलानी ने विभिन्न प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने भूकंप, बाढ़ एवं जलभराव, घरेलू और जंगल की आग जैसी आपदाओं के दौरान क्या करें और क्या न करें, इसकी जानकारी दी।
प्रशिक्षण में CPR देने की विधि, अत्यधिक रक्तस्राव रोकने की तकनीक, स्थानीय संसाधनों से स्ट्रेचर तैयार करने, घायलों को सुरक्षित ढंग से उठाने-ले जाने तथा खोज-बचाव में प्रयुक्त होने वाली बेसिक गांठों का व्यावहारिक ज्ञान दिया गया। साथ ही खोज-बचाव उपकरणों और आपातकालीन टोल-फ्री नंबरों की जानकारी भी दी गई।
इस दौरान भूदेव ऐप डाउनलोड कर उसकी उपयोगिता के बारे में भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एस.के. जौहरी ने आपदा प्रबंधन प्राधिकरण का आभार जताते हुए कहा कि इस तरह के जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित किए जाने चाहिए। प्रशिक्षण में महाविद्यालय के 55 छात्र-छात्राएं एवं स्टाफ मौजूद रहे।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!