CPR, रक्तस्राव रोकने, स्ट्रेचर बनाने और खोज-बचाव का दिया गया व्यावहारिक प्रशिक्षण
टिहरी गढ़वाल 5 अक्टूबर। जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण टिहरी गढ़वाल की ओर से सोमवार को चंबा ब्लॉक क्षेत्र के राजकीय नर्सिंग कॉलेज सुर्सिंगधार में आपदा प्रबंधन एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संस्थान के स्टाफ समेत 238 महिला-पुरुषों को आपदा के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों के साथ प्राथमिक उपचार की महत्वपूर्ण तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया।
जिलाधिकारी के निर्देश एवं अपर जिलाधिकारी तथा जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में डीडीएमए के मास्टर ट्रेनर अनिल सकलानी ने आपदा से पहले, दौरान और बाद में बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी। उन्होंने भूकंप, बाढ़ एवं जलभराव, घरेलू आग, जंगल की आग सहित विभिन्न प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं से बचाव के उपाय बताए।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को CPR देने की विधि, अत्यधिक रक्तस्राव को रोकने की तकनीक, घायलों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने तथा स्थानीय संसाधनों से स्ट्रेचर तैयार करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही खोज-बचाव कार्य में उपयोग होने वाले बुनियादी उपकरणों की जानकारी भी दी गई।
आपदा के समय त्वरित सहायता के लिए आवश्यक टोल-फ्री नंबरों की जानकारी देने के साथ ही प्रतिभागियों को भूदेव ऐप डाउनलोड करने और उसकी उपयोगिता के बारे में भी जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. अंजु यादव के साथ डॉ. रोजलिंग, डॉ. सुचेता रॉय, डॉ. रश्मि सिंह, डॉ. श्वेता रमोला, डॉ. गणेशा मुरुगेशन, दीपक जोशी, कांता प्रसाद, जयदीप गुसाईं सहित संस्थान के समस्त स्टाफ ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का उद्देश्य आपदा की स्थिति में लोगों को आत्मनिर्भर बनाते हुए जान-माल के नुकसान को न्यूनतम करने के लिए तैयार करना रहा।




