टिहरी गढ़वाल 11 अक्टूबर। सिद्धपीठ श्री चंद्रबदनी धाम में सनातन धर्म और संस्कृति के प्रचार-प्रसार, लोककल्याण तथा आध्यात्मिक जागरण के उद्देश्य से आज 11 अक्टूबर से 19 अक्टूबर तक श्रीमद् देवी भागवत महापुराण नवाह्न यज्ञ एवं कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह कथा चन्द्रबदनी पुजार गांव विकास समिति देहरादून, श्री चंद्रबदनी प्रबंध कार्यकारणी (कारबारी) समिति, पुजारगांव, टिहरी गढ़वाल तथा श्री नागराजा नरसिंह मंदिर समिति, पुजारगांव, टिहरी गढ़वाल के सौजन्य से आयोजित की जा रही है। नौ दिवसीय इस धार्मिक अनुष्ठान में श्रद्धालुओं को देवी महात्म्य, मां भगवती के विभिन्न स्वरूपों, भक्ति, ज्ञान, वैराग्य और मोक्ष मार्ग से जुड़े पावन प्रसंगों का श्रवण करने का अवसर मिलेगा।
श्रीमद् देवी भागवत कथा का रसपान सुप्रसिद्ध कथावाचक डॉ. विनीत डबराल ‘वत्सल’ कराएंगे। आयोजन के प्रथम दिन रविवार को मंगलाचरण, व्यास पीठ पूजन और देवी महात्म्य की भूमिका के साथ कथा का शुभारंभ होगा। इस दौरान देवी जन्म कथा तथा राजा सुरथ और समिध वैश्य की कथा का भावपूर्ण वर्णन किया जाएगा।
कथा के आगामी दिनों में देवी स्तुति, प्रकृति एवं पुरुष की उत्पत्ति, मां भगवती के विविध स्वरूपों और अवतार कथाओं के साथ ध्रुव चरित्र, पृथु चरित्र तथा वेन वध जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक प्रसंगों का वर्णन होगा। कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म, सत्य, सदाचार और भक्ति के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी जाएगी।
आयोजन के दौरान देवी गीता, मोक्ष मार्ग, नवधा भक्ति और देवी उपासना की महिमा पर भी विस्तार से प्रकाश डाला जाएगा। 19 अक्टूबर को उत्तराखंड पाठ, फलश्रुति, पूर्णाहुति, हवन, आरती और प्रसाद वितरण के साथ धार्मिक आयोजन का विधिवत समापन होगा।
आयोजकों ने समस्त श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर श्रीमद् देवी भागवत कथा का श्रवण करने और मां भगवती का आशीर्वाद प्राप्त कर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है। कथा प्रतिदिन प्रातः 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित होगी। अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9720700968 और 9758511843 पर संपर्क किया जा सकता है।




