कोटी कॉलोनी में भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, एडवेंचर टूरिज्म को मिलेगी नई पहचान
टिहरी गढ़वाल 25 नवंबर। उत्तराखंड को साहसिक पर्यटन के वैश्विक मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की दिशा में आयोजित उत्तराखंड हिमालयन अल्टीमेट चैलेंज-2026 के तहत राष्ट्रीय स्तर की MTB साइकिल रेस बुधवार सुबह टिहरी झील की कोटी कॉलोनी से उत्तरकाशी के चिन्यालीसौड़ के लिए रवाना हुई। उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद और साइकिल फेडरेशन ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता के प्रतिभागियों को भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर उदय रावत ने कहा कि उत्तराखंड का प्राकृतिक सौंदर्य, दुर्गम पर्वतीय भूगोल और रोमांचक गतिविधियों के लिए अनुकूल वातावरण साहसिक पर्यटन की अपार संभावनाएं समेटे हुए है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के ऐसे आयोजनों से टिहरी को एडवेंचर टूरिज्म डेस्टिनेशन के रूप में नई पहचान मिलेगी। साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और पर्यटन कारोबार को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल और उप जिलाधिकारी टिहरी अजयवीर सिंह ने भी साइकिल रेस के प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने इस आयोजन को जनपद में पर्यटन गतिविधियों के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
रेस में शामिल खिलाड़ियों ने टिहरी झील और कोटी कॉलोनी के प्राकृतिक सौंदर्य की जमकर सराहना की। खिलाड़ियों के अनुसार झील के किनारे का मनमोहक वातावरण, पर्वतीय रास्ते और प्राकृतिक दृश्य इस साहसिक यात्रा को यादगार बना रहे हैं।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी सोबत सिंह राणा ने बताया कि लंबी और चुनौतीपूर्ण साइकिल यात्रा के दौरान प्रतिभागियों की सुविधा एवं स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए निर्धारित मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर हाइड्रेशन पॉइंट बनाए गए हैं। यहां पेयजल, जलपान और रिफ्रेशमेंट की व्यवस्था की गई है। आयोजन को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग और अन्य संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित किया गया है।
इस अवसर पर मनोज बिजल्वाण, नवीन नेगी, दरमियां सिंह, उमेद सिंह राणा, दर्शन सिंह, गीता चौहान, आईटीबीपी के अधिकारी, साइकिल फेडरेशन ऑफ इंडिया के तकनीकी प्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।




