कोषागार में अव्यवस्थाओं पर डीएम सख्त, लेखाकार के वेतन आहरण पर रोक के निर्देश

Govind Pundir
3 Min Read
खबर को सुनें

पेंशन अभिलेखों के रख-रखाव में मिली लापरवाही, लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण नहीं होने पर होगी कार्रवाई

टिहरी गढ़वाल 25 नवंबर। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने बुधवार को जिला कोषागार का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पेंशन संबंधी अभिलेखों के रख-रखाव में लापरवाही और फाइलों की अव्यवस्थित सूचीकरण एवं लेबलिंग पाए जाने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित लेखाकार के वेतन आहरण पर रोक लगाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कोषागार के विभिन्न पटलों, पेंशन अनुभाग, अभिलेख कक्ष और स्टोर रूम का निरीक्षण करते हुए उपस्थिति पंजिका, बायोमेट्रिक रिपोर्ट, पेंशन पत्रावलियों, पीपीओ प्राप्ति पंजिका, पेंशन भुगतान पंजिका तथा लंबित आपत्ति पंजिका सहित विभिन्न अभिलेखों की जांच की। इस दौरान उन्होंने जीवन प्रमाण पत्र जमा करने पहुंचे पेंशनरों से भी बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण में सामने आया कि विभिन्न विभागों से सेवानिवृत्त कार्मिकों की पेंशन स्वीकृत होने के बावजूद उनकी व्यक्तिगत सेवा पत्रावलियां कोषागार में रखी गई हैं। इस पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए ऐसी पत्रावलियों को संबंधित विभागों को वापस सौंपने के निर्देश दिए, ताकि कोषागार में अनावश्यक अभिलेखों का संग्रहण न हो और रिकॉर्ड व्यवस्थित रखा जा सके।

डीएम ने पेंशन प्रकरणों की प्रगति पर नजर रखने के लिए माहवार रिपोर्ट तैयार करने को कहा। इसमें प्रत्येक माह प्राप्त पेंशन प्रकरणों, आपत्तियों वाले मामलों, लंबित प्रकरणों और निस्तारित मामलों का स्पष्ट ब्योरा दर्ज किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पेंशन स्वीकृति और भुगतान में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभागीय अथवा कोषागार स्तर पर बिना उचित कारण प्रकरण लंबित रखने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।

अभिलेख कक्ष में फाइलों के अव्यवस्थित रख-रखाव पर भी डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने सभी अभिलेखों का उचित वर्गीकरण, सूचीकरण और लेबलिंग कर सुरक्षित रखने के निर्देश दिए। वहीं, स्टोर रूम में लंबे समय से अनुपयोगी पड़े सामान को नियमानुसार निष्प्रयोज्य घोषित कर नीलामी की कार्रवाई करने को कहा।
जिलाधिकारी ने कहा कि पेंशनरों को अपने प्रकरणों के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी पेंशन मामलों का समयबद्ध और पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित करें।

निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ कोषाधिकारी मनोज पांडे, कोषाधिकारी अंजलि भारती, मुख्य वैयक्तिक सहायक चंदन शाह सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!