देवप्रयाग/कीर्तिनगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को श्रीनगर-देवप्रयाग राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहाड़ी के उपचारात्मक कार्यों का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रदेश की सड़कों को एक नवंबर तक गड्ढामुक्त बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि सड़क सुधार कार्यों में गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा का विशेष ध्यान रखा जाए।

गैरसैंण में विधानसभा सत्र के बाद देहरादून लौटते समय मुख्यमंत्री ने देवप्रयाग-श्रीनगर मार्ग पर चल रहे पहाड़ी के उपचारात्मक कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद इंजीनियरों से निर्माण कार्यों की प्रगति और आगे की कार्ययोजना की जानकारी ली। साथ ही कार्य में जुटे इंजीनियरों और श्रमिकों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना।
मुख्यमंत्री ने देवप्रयाग के समीप सड़क किनारे स्थित सुलभ शौचालय का भी निरीक्षण किया। वहां स्वच्छता व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिशासी अधिकारी को तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि देवप्रयाग में बड़ी संख्या में देश-विदेश से पर्यटक पहुंचते हैं, इसलिए यहां स्वच्छता बनाए रखना जरूरी है।
इस दौरान मुख्यमंत्री देवप्रयाग संगम पहुंचे और मां गंगा को नमन किया। उन्होंने एक चाय की दुकान पर रुककर दुकानदार से बातचीत भी की। इसके बाद कीर्तिनगर के मलेथा स्थित भाजपा कार्यालय में पार्टी प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेशवासियों को सुरक्षित और सुगम आवागमन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को सड़क सुधार कार्यों की नियमित निगरानी करने और निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरे करने के निर्देश दिए।




