पंप में तकनीकी खराबी से उत्पन्न हुई थी समस्या, मरम्मत के बाद व्यवस्था सुचारू
टिहरी गढ़वाल 28 अक्टूबर, 2026; देवप्रयाग संगम क्षेत्र में नदी में सीवेज छोड़े जाने के आरोप से संबंधित सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो के संबंध में नगर पालिका परिषद देवप्रयाग के अधिशासी अधिकारी राहुल भंडारी ने वस्तुस्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने बताया कि संगम क्षेत्र में स्थित सार्वजनिक शौचालय के सीवेज निस्तारण के लिए पंप के माध्यम से सीवेज को सीवर लाइन में भेजने की व्यवस्था है। उक्त व्यवस्था का संचालन एवं रख-रखाव नगर पालिका परिषद देवप्रयाग द्वारा किया जाता है।
अधिशासी अधिकारी राहुल भंडारी के अनुसार, दिनांक 23 अक्टूबर 2026 की सायं विद्युत प्रवाह में असामान्यता के कारण पंप में तकनीकी खराबी आ गई थी। इसके चलते कुछ समय के लिए सीवेज को सीवर लाइन में भेजने की प्रक्रिया बाधित हुई। दिनांक 24 अक्टूबर 2026 को पंप की मरम्मत कर दी गई तथा उसी दिन सायंकाल से सीवेज को पुनः सीवर लाइन में भेजना शुरू कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि भविष्य में ऐसी स्थिति की पुनरावृत्ति रोकने के लिए नगर पालिका द्वारा एक अतिरिक्त स्टैंडबाय पंप स्थापित किया गया है। पंप के नियमित संचालन के लिए ऑपरेटर की नियुक्ति की प्रक्रिया भी चल रही है।
अधिशासी अधिकारी ने बताया कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए संबंधित स्थान पर सीवर लाइन से जुड़े स्मार्ट शौचालय के निर्माण हेतु विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जा रही है।
नगर पालिका परिषद देवप्रयाग द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो में दिखाई गई स्थिति पंप में आई तकनीकी खराबी के कारण उत्पन्न हुई थी, जिसका मरम्मत के बाद समाधान कर दिया गया है। गंगा की स्वच्छता बनाए रखने के लिए नगर पालिका द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।




