टिहरी गढ़वाल 21 अक्टूबर। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 में अधिकाधिक मतदाता सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए टिहरी गढ़वाल में महिला मंगल दलों के माध्यम से मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

मुख्य विकास अधिकारी एवं स्वीप की नोडल अधिकारी वरुणा अग्रवाल के निर्देश पर थौलधार विकासखंड के कंडारगांव व सुनारगांव, चंबा के पस्सी गांव और जौनपुर के खेड़ा गांव सहित विभिन्न क्षेत्रों में महिला मंगल दलों की सदस्यों ने मतदान की शपथ ली। महिलाओं ने ग्रामीणों को मतदान का महत्व बताते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
अभियान के तहत लोगों से मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित कराने तथा आगामी विधानसभा चुनाव में स्वतंत्र और निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की जा रही है। जिला प्रशासन ने आमजन से स्वयं मतदान करने और परिवार व आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया है।




