टीएचडीसी में धूमधाम से मनाया विजयदशमी पर्व, रावण-कुंभकर्ण के पुतलों का दहन

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

डीएम नितिका खंडेलवाल ने कहा—सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है विजय दशमी पर्व

टिहरी गढ़वाल 21 अक्टूबर। टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के टिहरी कॉम्प्लेक्स में टिहरी बांध दुर्गा पूजा समिति की ओर से आयोजित हरियाली एवं दुर्गा पूजा नवरात्रि महोत्सव के तहत विजयदशमी पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भंडारे का आयोजन किया गया , साथ ही रामलीला मंचन और रावण, मेघनाद व कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ टीएचडीसी के मुख्य महाप्रबंधक (टिहरी कॉम्प्लेक्स) आर.आर. सेमवाल सहित अन्य अधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में पहुंचीं जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल का मुख्य महाप्रबंधक ने गुलदस्ता और शॉल भेंटकर स्वागत किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि विजयदशमी बुराई पर अच्छाई, असत्य पर सत्य और अन्याय पर न्याय की विजय का प्रतीक है। यह पर्व भगवान श्रीराम के आदर्शों को जीवन में अपनाने तथा समाज में सद्भाव, नैतिकता और सकारात्मकता को बढ़ावा देने की प्रेरणा देता है। उन्होंने नवरात्रि महोत्सव के दौरान बच्चों, विद्यार्थियों और टीएचडीसी कर्मचारियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने तथा उत्तराखंड की लोक संस्कृति के संरक्षण के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने पर टिहरी बांध दुर्गा पूजा समिति की सराहना की।
उत्सव ग्रुप के कलाकारों ने भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों पर आधारित रामलीला का भावपूर्ण मंचन किया। इसके बाद जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल और राम के पात्र ने रावण व मेघनाद के पुतलों का दहन किया, जबकि मुख्य महाप्रबंधक आर.आर. सेमवाल ने कुंभकर्ण के पुतले का दहन किया। दोपहर में आयोजित भंडारे में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम में महाप्रबंधक (पीएसपी) एस.के. साहू, महाप्रबंधक (वित्त एवं लेखा) ए.पी. बाजपेई, उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन एवं प्रशासन) मोहन सिंह श्रीस्वाल सहित टीएचडीसी के अधिकारी-कर्मचारी, सीआईएसएफ के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!