टिहरी डैम पर आतंकी हमले की सूचना से मचा हड़कंप, संयुक्त मॉक ड्रिल में परखी सुरक्षा

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल 5 अक्टूबर। टिहरी डैम जैसे संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण प्रतिष्ठान की सुरक्षा व्यवस्था परखने के लिए सोमवार को आतंकवादी हमले की काल्पनिक स्थिति पर संयुक्त मॉक ड्रिल आयोजित की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में टिहरी पुलिस, CISF, ATS, LIU, फायर सर्विस, मेडिकल एवं BDS टीमों ने संयुक्त रूप से अभ्यास किया।
मॉक ड्रिल के दौरान काल्पनिक रूप से तीन आतंकियों द्वारा फायरिंग और आईईडी विस्फोट किए जाने तथा एक CISF जवान के शहीद और दूसरे के घायल होने की सूचना पर सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट किया गया। टीमों ने तत्काल घटनास्थल की घेराबंदी, सर्च ऑपरेशन और आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई का अभ्यास किया, जिसमें तीनों आतंकियों को मार गिराने की कार्रवाई प्रदर्शित की गई।
घायल जवान को प्राथमिक उपचार देकर एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाने, संदिग्ध विस्फोटक की BDS टीम द्वारा जांच, फायर सर्विस की अग्निशमन एवं रेस्क्यू कार्रवाई तथा LIU और ATS की भूमिका का भी अभ्यास किया गया। मॉक ड्रिल का उद्देश्य विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया और आपातकालीन तैयारियों को परखना था।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि मॉक ड्रिल में दर्शाई गई आतंकी घटना, तीन आतंकियों के मारे जाने तथा CISF जवान के शहीद और घायल होने की स्थिति पूरी तरह काल्पनिक थी।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!