श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय की शैक्षिक परिषद की 17वीं बैठक में कई अहम फैसले

Govind Pundir
4 Min Read
खबर को सुनें

55 करोड़ की लागत से छह नए विभागों की स्थापना होगी, 314 नए शिक्षण एवं गैर-शिक्षण पदों के सृजन का प्रस्ताव शासन को भेजने पर सहमति

एआई, डेटा साइंस, बायोइन्फॉर्मेटिक्स और जीनोमिक्स जैसे रोजगारपरक पाठ्यक्रमों को मिली मंजूरी

ऋषिकेश, 30 अक्टूबर। श्रीदेव सुमन उत्तराखण्ड विश्वविद्यालय की शैक्षिक परिषद की 17वीं बैठक शुक्रवार को पंडित ललित मोहन शर्मा परिसर, ऋषिकेश में कुलपति प्रो. ए.के. महाजन की अध्यक्षता में आयोजित हुई। कुलपति पदभार ग्रहण करने के बाद प्रो. महाजन की अध्यक्षता में यह विश्वविद्यालय की पहली शैक्षिक परिषद की बैठक थी। बैठक में विश्वविद्यालय के शैक्षणिक विस्तार, रोजगारपरक शिक्षा, आधारभूत सुविधाओं और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के संबंध में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक का शुभारंभ परिसर निदेशक प्रो. एम.एस. रावत द्वारा कुलपति प्रो. महाजन को शॉल भेंट कर स्वागत करने के साथ हुआ। अन्य प्राध्यापकों ने भी पौधे भेंट कर उनका अभिनंदन किया। इसके बाद कुलसचिव एवं शैक्षिक परिषद के सचिव दिनेश चन्द्रा ने बैठक के एजेंडे के विभिन्न बिंदुओं को प्रस्तुत किया। परिषद के सदस्यों ने इन पर विस्तार से विचार-विमर्श किया और प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की।
बैठक में विश्वविद्यालय के शैक्षणिक विकास को गति देने के लिए लगभग 55 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से छह नए विभाग स्थापित करने का निर्णय लिया गया। इनमें टूरिज्म एंड होटल मैनेजमेंट, एआई एंड डेटा साइंस, रिमोट सेंसिंग एंड जीआईएस, एमएससी बायोकेमिस्ट्री, योग एवं वेलनेस तथा आपदा प्रबंधन से संबंधित विभाग शामिल हैं।
रोजगारपरक और कौशल आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए भी महत्वपूर्ण पहल की गई। CRIS DAN LABS, देहरादून के सहयोग से जीनोमिक्स डेटा, बायोइन्फॉर्मेटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्लिनिकल रिसर्च और फार्माकोविजिलेंस जैसे विषयों में क्रेडिट आधारित एवं व्यावहारिक पाठ्यक्रम संचालित करने को मंजूरी दी गई। इसके साथ ही स्नातक स्तर पर NASSCOM द्वारा विकसित ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड इमर्जिंग टेक्नोलॉजी’ कौशल संवर्धन पाठ्यक्रम को भी स्वीकृति दी गई।
विश्वविद्यालय के प्रशासनिक एवं शैक्षणिक कार्यों को सुदृढ़ करने के लिए 256 नए गैर-शिक्षण पदों के सृजन का प्रस्ताव शासन को भेजने का अनुमोदन किया गया। वहीं, ऋषिकेश परिसर में 11 विषयों के अंतर्गत 58 नए शिक्षण पदों के सृजन का प्रस्ताव भी शासन को भेजा जाएगा। विश्वविद्यालय से संबद्ध 230 महाविद्यालयों और करीब एक लाख छात्र-छात्राओं से जुड़े प्रशासनिक एवं परीक्षा संबंधी कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने के लिहाज से इस निर्णय को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
बैठक में उच्च शिक्षा में डिजिटल लर्निंग को प्रोत्साहित करने के लिए SWAYAM और SWAYAM PLUS प्लेटफॉर्म अपनाने पर भी सहमति बनी। इसके अलावा भूगर्भ विज्ञान विभाग के अंतर्गत अमेरिका के यूनिवर्सिटी ऑफ मिसौरी की प्रो. टीना एम. नीमी के सहयोग से संयुक्त पेलियोसीस्मोलॉजी अनुसंधान और छात्र प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित करने को मंजूरी दी गई।
परिषद ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 की प्रवेश विवरणिका, शैक्षणिक कैलेंडर, परीक्षा समिति के निर्णयों तथा शैक्षिक परिषद की 16वीं बैठक के कार्यवृत्त का सर्वसम्मति से अनुमोदन किया। छात्र संघ संविधान के व्यावहारिक संचालन में आ रही कठिनाइयों और आवश्यक संशोधनों पर विचार के लिए विशेष समिति गठित करने का निर्णय भी लिया गया।
बैठक में कुलसचिव दिनेश चन्द्रा, परिसर निदेशक प्रो. एम.एस. रावत, प्रो. स्वाती नेगी, परीक्षा नियंत्रक मनोज पाण्डेय, मुख्य वित्त अधिकारी, नैखरी एवं चन्द्रबदनी परिसर के निदेशक, कला संकायाध्यक्ष प्रो. पी.के. सिंह, वाणिज्य संकायाध्यक्ष प्रो. वी.के. श्रीवास्तव, विज्ञान संकायाध्यक्ष प्रो. एस.पी. सती, डीएसडब्ल्यू डॉ. हेमलता मिश्रा, प्रो. बी.एन. शर्मा, प्रो. डी.एस. नेगी, राजकीय महाविद्यालय लक्सर के प्राचार्य प्रो. माधुरी, राजकीय महाविद्यालय जखोली की प्राचार्य तथा एस.एम.जे.एन. पीजी कॉलेज हरिद्वार के प्राचार्य प्रो. एस.के. बत्रा सहित विश्वविद्यालय के विभागाध्यक्ष एवं प्राध्यापक उपस्थित रहे।
अंत में कुलसचिव दिनेश चन्द्रा ने कुलपति एवं सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!