चारधाम यात्रा के अनुभव साझा किए, कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने पर जोर
देहरादून। सनातन धर्म विकास परिषद उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष नृसिंह पीठाधीश्वर स्वामी रसिक महाराज ने देहरादून में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उत्तराखंड प्रभारी श्री राम माधव से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अपनी हालिया चारधाम यात्रा के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में लोगों और श्रद्धालुओं से हुए संवाद तथा मिले अनुभवों से उन्हें अवगत कराया।
स्वामी रसिक महाराज ने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान उन्होंने बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, स्थानीय लोगों और विभिन्न वर्गों के नागरिकों से बातचीत की। उनके अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों और धार्मिक पर्यटन से जुड़े प्रयासों को लेकर लोगों में सकारात्मक चर्चा देखने को मिली।
उन्होंने राम माधव के समक्ष यह भी कहा कि विभिन्न स्थानों पर कुछ मंत्रियों और विधायकों के व्यवहार एवं स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं तथा आम लोगों के साथ संवाद को लेकर शिकायतें सामने आई हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि ऐसी शिकायतों को गंभीरता से सुनकर आवश्यक संगठनात्मक स्तर पर संज्ञान लिया जाना चाहिए, ताकि जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच संवाद और बेहतर हो सके।
स्वामी रसिक महाराज ने पार्टी के पुराने, समर्पित एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने तथा उन्हें संगठनात्मक गतिविधियों में उचित सम्मान और जिम्मेदारी देने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि जमीनी कार्यकर्ताओं से नियमित संवाद संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
इस दौरान विभिन्न समसामयिक एवं संगठनात्मक विषयों पर भी चर्चा हुई। गौरतलब है कि भाजपा ने हाल ही में राम माधव को उत्तराखंड का प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया है, जबकि अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।




