जिला कांग्रेस की बैठक में कार्यकर्ताओं को जुटाने का संकल्प, ‘वोट बचाओ, लोकतंत्र बचाओ’ के नारे के साथ रामलीला मैदान पहुंचेंगे कार्यकर्ता
टिहरी गढ़वाल 29 अक्टूबर। दिल्ली के रामलीला मैदान में एक नवंबर को प्रस्तावित कांग्रेस के ‘चलो दिल्ली’ अभियान में टिहरी जिले से अधिक से अधिक कार्यकर्ता शामिल होंगे। अभियान की तैयारियों को लेकर जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित बैठक में संगठन की ओर से सभी ब्लॉकों, नगर निकायों और विधानसभा क्षेत्रों से कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुरारी लाल खंडवाल ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा और मताधिकार की सुरक्षा के उद्देश्य से आयोजित इस अभियान में टिहरी कांग्रेस पूरी मजबूती से भाग लेगी। उन्होंने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अभियान को सफल बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने की अपील की।
प्रदेश कांग्रेस महासचिव विजय गुनसोला और पीसीसी सदस्य देवेंद्र नौटियाल ने भाजपा की नीतियों की आलोचना करते हुए भ्रष्टाचार और जनहित से जुड़े मुद्दे उठाए। वहीं, प्रदेश कांग्रेस महासचिव राकेश राणा और जिला मीडिया प्रभारी लखबीर सिंह चौहान ने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता पर सवाल उठे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मतदाताओं के अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव लोकतंत्र की आधारशिला हैं। इसी उद्देश्य को लेकर एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘वोट बचाओ, लोकतंत्र बचाओ’ अभियान आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कांग्रेस पदाधिकारियों, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में दिल्ली पहुंचने की अपील की।
बैठक में जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुरारी लाल खंडवाल, प्रदेश महासचिव विजय गुनसोला और राकेश राणा, पीसीसी सदस्य देवेंद्र नौटियाल, जिला मीडिया प्रभारी लखबीर सिंह चौहान, एनएसयूआई के राहुल बुटोला, जिला कोषाध्यक्ष रोशन नौटियाल, ज्ञान सिंह रावत सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।




