102 दिनों से जारी आंदोलन ने पकड़ा जोर, शासनादेश जारी होने तक संघर्ष जारी रखने का ऐलान
टिहरी गढ़वाल । नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग को लेकर पिछले 102 दिनों से चल रहा आंदोलन गुरुवार को निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया। बौराड़ी गणेश चौक स्थित धरना स्थल पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जीतराम भट्ट और पूर्व छात्र नेता राहुल बुटोला ने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी।
मेडिकल कॉलेज निर्माण संयुक्त संघर्ष समिति ने स्पष्ट किया कि जब तक मेडिकल कॉलेज निर्माण का शासनादेश जारी नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा। समिति के संरक्षक डॉ. आर.बी. गोदियाल के नेतृत्व में चल रहे आंदोलन को स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और विभिन्न संगठनों का समर्थन मिल रहा है। समिति ने भूख हड़ताल के लिए 12 सदस्यों के नाम तय किए हैं, जो क्रमवार अनशन पर बैठेंगे।
समिति के प्रवक्ता महिपाल सिंह नेगी ने आज पत्रकार वार्ता में कहा कि सरकार की ओर से मेडिकल कॉलेज की घोषणाएं तो की गईं, लेकिन अब तक शासनादेश जारी नहीं हुआ। समिति की प्रमुख मांग है कि बौराड़ी जिला अस्पताल को 300 बेड का अस्पताल बनाकर मेडिकल कॉलेज का बेस अस्पताल बनाया जाए तथा 15 किलोमीटर के दायरे में मेडिकल कॉलेज निर्माण किया जाए।
पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने कहा कि शहर के प्रथम व्यक्ति होने के नाते उनका इस आंदोलन को पूर्ण समर्थन है। उन्होंने कहा कि टिहरी बांध निर्माण के लिए लोगों ने अपनी जमीन, घर और पुरानी टिहरी का बलिदान दिया, लेकिन आज भी गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए देहरादून जाना पड़ता है।
व्यापार मंडल अध्यक्ष भगवान सिंह रावत वी शिवराज सजवान ने कहा कि मेडिकल कॉलेज की लड़ाई निर्णायक दौर तक रहेगी। मेडिकल कॉलेज बनने से टिहरी सहित आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। आंदोलनकारियों ने सरकार से अब घोषणाओं के बजाय ठोस कार्रवाई करने की मांग की।




