थत्यूड़ में सात सूत्रीय मांगों को लेकर एक दिवसीय सांकेतिक प्रदर्शन, मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी
टिहरी/थत्यूड़। सात सूत्रीय मांगों को लेकर मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थत्यूड़ में आशा कार्यकर्ताओं ने एक दिवसीय सांकेतिक धरना दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने चिकित्सा अधीक्षक के माध्यम से मुख्य चिकित्सा अधिकारी को सामूहिक ज्ञापन भेजकर मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि, कर्मचारी का दर्जा और सामाजिक सुरक्षा सहित अपनी मांगों के समाधान की मांग उठाई।
आशा कार्यकर्ताओं ने कहा कि बीती 3 मार्च को मुख्यमंत्री ने आशा प्रतिनिधिमंडल को मानदेय बढ़ाने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि आशा कार्यकर्ता प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। कोरोना काल से लेकर विभिन्न स्वास्थ्य अभियानों तक उन्होंने पूरी जिम्मेदारी के साथ विभाग के साथ मिलकर कार्य किया है, इसके बावजूद उनकी समस्याओं की अनदेखी की जा रही है।




