टिहरी लेक फेस्टिवल में दिखेगी लोक संस्कृति और साहसिक पर्यटन की झलक, 18 से 20 दिसंबर तक आयोजन को लेकर चर्चा

Govind Pundir
3 Min Read
खबर को सुनें

स्थानीय कलाकारों, महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों को मिलेगी प्राथमिकता; जिले की छह विधानसभा क्षेत्रों में भी होंगे विविध कार्यक्रम

टिहरी गढ़वाल 3 नवंबर। टिहरी झील की खूबसूरती और उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से प्रस्तावित टिहरी लेक फेस्टिवल की तैयारियां तेज होने लगी हैं। आगामी 18 से 20 दिसंबर तक फेस्टिवल आयोजित कराने की संभावित तिथियों पर मंगलवार को जिला कार्यालय में आयोजित बैठक में चर्चा की गई। इस बार आयोजन में स्थानीय संस्कृति, लोक कलाकारों, महिलाओं, पारंपरिक हस्तशिल्प और साहसिक पर्यटन को विशेष स्थान देने पर जोर दिया गया।

जिला कार्यालय के वीसी कक्ष में आयोजित बैठक में टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय, घनसाली विधायक शक्तिलाल शाह और जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने आयोजन की रूपरेखा पर विचार-विमर्श किया। विधायक किशोर उपाध्याय और नगर पालिका अध्यक्ष टिहरी मोहन सिंह रावत ने फेस्टिवल के उद्घाटन अथवा समापन समारोह को टिहरी मुख्यालय में आयोजित करने का सुझाव दिया, ताकि स्थानीय लोगों और कलाकारों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

बैठक में स्थानीय लोक संस्कृति और पारंपरिक कलाओं को आयोजन का प्रमुख आकर्षण बनाने पर सहमति जताई गई। विधायक शक्तिलाल शाह ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों के वादकों की प्रतियोगिता आयोजित करने तथा स्थानीय कलाकारों, महिलाओं और पारंपरिक परिधानों को विशेष महत्व देने का सुझाव दिया। नगर पालिका अध्यक्ष चंबा सोबनी धनौला ने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने, जबकि प्रमुख प्रतापनगर मनीषा पंवार ने महिलाओं को विशेष अवसर देने की बात रखी। प्रमुख कीर्तिनगर अंचला खंडेवाल ने काष्ठ कला और स्थानीय हस्तशिल्प को बढ़ावा देने का सुझाव दिया।

फेस्टिवल को आकर्षक और बहुआयामी बनाने के लिए मास्टर शेफ, फैशन शो, सोशल मीडिया रील, रैप, फुटबॉल टूर्नामेंट, पेंटिंग प्रतियोगिता, गंगा आरती, सांस्कृतिक कार्यक्रम और फूड फेस्टिवल आयोजित करने पर भी चर्चा हुई। इस बार एक्रो शो जैसी साहसिक गतिविधियों को नए आकर्षण के रूप में शामिल करने का प्रस्ताव है। इसके अलावा ट्रैकिंग, माउंटेन बाइकिंग, कैंपिंग, मैराथन और रॉक क्लाइंबिंग जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।

फेस्टिवल का विस्तार जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों तक करने की भी योजना है। घनसाली में मासरताल ट्रेक और मैराथन, धनोल्टी में माउंटेन बाइकिंग, कैंपिंग और नागटिब्बा ट्रैकिंग, प्रतापनगर में पीठी पर्वत ट्रैकिंग, सांस्कृतिक कार्यक्रम और एस्ट्रोनॉमी गतिविधियां प्रस्तावित हैं। देवप्रयाग में रघुनाथ मंदिर भ्रमण, गंगा आरती, संगम पर योग और रॉक क्लाइंबिंग तथा नरेंद्रनगर में बर्ड वॉचिंग और ट्रैकिंग जैसी गतिविधियां आयोजित करने पर विचार किया गया।

जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने बैठक में प्राप्त सुझावों के आधार पर फेस्टिवल की रूपरेखा तैयार करने को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ चर्चा की। बैठक में उप जिलाधिकारी टिहरी कमलेश मेहता, जिला विकास अधिकारी मोहम्मद असलम, जिला पर्यटन विकास अधिकारी एसएस राणा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!