2027 चुनाव के लिए भाजपा ने फूंका बिगुल, बूथ मजबूत करने और कांग्रेस के आरोपों का तथ्यों से जवाब देने का आह्वान

Govind Pundir
4 Min Read
खबर को सुनें

जिला कार्यसमिति की बैठक में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का लक्ष्य तय, केंद्र और प्रदेश सरकार के विकास कार्यों पर राजनीतिक प्रस्ताव पारित

टिहरी, गढ़वाल। उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने टिहरी जिले में संगठनात्मक तैयारियां तेज करने का संकेत दिया है। पार्टी ने चुनावी रणनीति के केंद्र में बूथ प्रबंधन, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने को रखा है। साथ ही कार्यकर्ताओं को कांग्रेस की ओर से उठाए जा रहे सवालों और आरोपों का तथ्यों के साथ जवाब देने के निर्देश दिए गए हैं।
शनिवार को बौराड़ी में भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत की अध्यक्षता में आयोजित जिला कार्यसमिति की बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्य वक्ता एवं प्रदेश सरकार के समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने दीप प्रज्वलित कर बैठक का शुभारंभ किया। इस दौरान जिलाध्यक्ष सहित पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
मंत्री खजान दास ने कहा कि किसी भी चुनाव में जीत का आधार मजबूत संगठन और सक्रिय कार्यकर्ता होते हैं। भाजपा को 2027 में लगातार तीसरी बार प्रदेश में सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ अभी से पूरी ताकत लगानी होगी। इसके लिए प्रत्येक बूथ को मजबूत करने के साथ कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कांग्रेस द्वारा फैलाए जा रहे झूठ का तथ्यों के साथ जवाब देने का आह्वान किया।
प्रदेश मंत्री नलिन भट्ट ने राजनीतिक प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से टिहरी जिले सहित राज्य के विकास के लिए किए जा रहे कार्यों का उल्लेख किया। पूर्व जिलाध्यक्ष एवं जाखणीधार प्रमुख राजेश नौटियाल ने प्रस्ताव का समर्थन करते हुए अपने सुझाव रखे। जिला सहप्रभारी सत्येंद्र राणा ने संगठन की योजनाओं और कार्यक्रमों को धरातल पर उतारने में बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
घनसाली विधायक शक्तिलाल शाह और देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी ने अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में हुए विकास कार्यों की जानकारी दी। बैठक में पार्टी संगठन को आगामी चुनाव के लिए सक्रिय करने, बूथ स्तर पर जनसंपर्क बढ़ाने और सरकार की योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। बैठक में केंद्र और प्रदेश सरकार के विकास कार्यों को लेकर राजनीतिक प्रस्ताव भी पारित किया गया।
इस अवसर पर जिले के प्रवासी विस्तारक बिहारी लाल शर्मा, पूर्व मंत्री दिनेश धनै, पूर्व विधायक धन सिंह नेगी, विजय सिंह पंवार, राज्यमंत्री खेम सिंह चौहान, पूर्व जिलाध्यक्ष विनोद रतूड़ी, अतर सिंह तोमर, सोशल मीडिया प्रदेश संयोजक प्रवीण लेखवार, जिला महामंत्री बलवंत रावत, प्रमुख सुमन सजवाण, सीता पंवार, सुरेंद्र भंडारी, विनोद बिष्ट, पालिकाध्यक्ष शोभनी धनोला, ममता देवी, आनंद बिष्ट, रोशन रांगड़, डॉ. भान सिंह नेगी, गोविंद रावत, चंद्रकिशोर मैठाणी, परमवीर पंवार, अवंतिका भंडारी, इंदू डंगवाल, रेखा डंगवाल, बेबी असवाल, सुनीता देवी, बसुमति घणाता, उर्मिला राणा, शिवानी बिष्ट, रागिनी भट्ट, विजय कठैत, रामलाल नौटियाल, वीरेंद्र राणा, जयेंद्र पंवार, राजेंद्र डोभाल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!