टिहरी गढ़वाल । जनपद में आपदा जोखिम कम करने और आमजन को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार को नरेंद्रनगर ब्लॉक के खाड़ी में आपदा जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया
जिलाधिकारी के निर्देशों पर अपर जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी के मार्गदर्शन में लोक सेवा मंच रानीखेत की ओर से जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण टिहरी के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में DDMA के मास्टर ट्रेनर अनिल सकलानी ने प्रतिभागियों को आपदा से पहले, आपदा के दौरान और उसके बाद बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी।
उन्होंने भूकंप, बाढ़, जलभराव, घरेलू आग और जंगल की आग जैसी प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं से बचाव के उपाय बताए। साथ ही आपातकालीन टोल फ्री नंबरों, जीवन रक्षक तकनीक CPR और आपात स्थिति में की जाने वाली कार्रवाई का प्रशिक्षण दिया। प्रतिभागियों को भूदेव एप की उपयोगिता और उसके इस्तेमाल की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय खाड़ी के प्राचार्य अरुण कुमार, डॉ. ईरा सिंह, डॉ. संगीता बिजल्वाण जोशी, डॉ. मीनाक्षी, डॉ. ममता, लोक सेवा मंच के अध्यक्ष फूलदास, पूर्व प्रधान कुलवीर चौहान सहित समिति के पदाधिकारी और महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।




