लोक संस्कृति के रंगों से सजा जिला स्तरीय युवा महोत्सव, प्रतिभाओं ने दिखाया हुनर

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

बेहतर प्रदर्शन करने वाले युवा राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में करेंगे जिले का प्रतिनिधित्व

टिहरी गढ़वाल 6 नवंबर। प्रताप इंटर कॉलेज बौराड़ी में शुक्रवार को दो दिवसीय जिला स्तरीय युवा महोत्सव का रंगारंग शुभारंभ हुआ। नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत एवं मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर महोत्सव का उद्घाटन किया। महोत्सव में जिले के विभिन्न विकासखंडों से पहुंचे युवा लोक संस्कृति, कला और रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।

6 एवं 7 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस महोत्सव में सामूहिक एवं एकल लोक नृत्य, लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला, कविता लेखन, भाषण, पोस्टर निर्माण और फोटोग्राफी सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिताओं का अंतिम परिणाम 7 नवंबर को घोषित किया जाएगा।
उद्घाटन अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि युवा महोत्सव युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ ही लोक कला एवं सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने नगर क्षेत्र में सड़कों की स्थिति सुधारने, नालियों की सफाई और मैदान में जलभराव की समस्या के समाधान के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी दी।
मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने युवाओं को धनतेरस, दीपावली एवं राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं की प्रतिभा को पहचानने, निखारने और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने बताया कि निर्णायक मंडल द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया जा रहा है। बेहतर प्रदर्शन करने वाले युवा राज्य स्तर पर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस अवसर पर जिला युवा कल्याण अधिकारी रविन्द्र सिंह फोनिया, वरिष्ठ पत्रकार एवं रंगकर्मी महिपाल सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी मो. तसलीम कुरैशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!