12 नवंबर से मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल, जीत राम भट्ट करेंगे शुरुआत

Govind Pundir
5 Min Read
खबर को सुनें
बौराड़ी जिला अस्पताल को अपग्रेड कर बेस अस्पताल बनाने और पूर्व डीएम की रिपोर्ट के अनुसार नई टिहरी के समीप मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की मांग पर आर-पार की लड़ाई का ऐलान 
  टिहरी गढ़वाल 6 नवम्बर। टिहरी में मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग को लेकर चल रहा आंदोलन अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। मेडिकल कॉलेज निर्माण संयुक्त संघर्ष समिति ने 12 नवंबर 2026 से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने का ऐलान किया है, हालांकि जगह स्पष्ट नहीं की है कि कहां पर बैठेंगे। समिति ने स्पष्ट किया कि मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। भूख हड़ताल के पहले दिन भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं राज्य आंदोलनकारी जीत राम भट्ट आमरण अनशन पर बैठेंगे। उनके बाद 12 अन्य लोग भी क्रमवार भूख हड़ताल पर बैठने के लिए तैयार हैं। शुक्रवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में समिति के प्रवक्ता महिपाल सिंह नेगी एवं पदाधिकारियों ने मेडिकल कॉलेज निर्माण को लेकर अपनी मांग और आंदोलन की आगामी रणनीति स्पष्ट करते हुए कहा कि मेडिकल कॉलेज निर्माण संयुक्त संघर्ष समिति ने 12 नवंबर 2026 से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने का निर्णय लिया है। समिति के प्रवक्ता महिपाल सिंह नेगी का कहना है कि टिहरी में मेडिकल कॉलेज निर्माण के लिए किसी नई जमीन की तलाश का कोई नया प्रस्ताव समिति ने नहीं दिया है। समिति की मांग है कि बौराड़ी स्थित जिला अस्पताल को अपग्रेड कर मेडिकल कॉलेज का बेस अस्पताल बनाया जाए तथा पूर्व जिलाधिकारी सौरभ गहरवार की ओर से जो रिपोर्ट बनाई गई थी उसी प्रस्तुत रिपोर्ट के अनुरूप नई टिहरी शहर के आसपास मेडिकल कॉलेज का निर्माण किया जाए। नेगी का तर्क था कि मौजूदा अस्पताल की इमारतों और संसाधनों का उपयोग करने से निर्माण कार्य में दो से तीन वर्ष तक का समय बचाया जा सकता है, खर्चा भी कम होगा। समिति के संयोजक डॉ राकेश भूषण गोदियाल ने कहा कि बौराड़ी जिला अस्पताल में पहले से भवन और चिकित्सा संबंधी आधारभूत ढांचा उपलब्ध है। इसे विकसित कर बेस अस्पताल के रूप में तैयार करने से मेडिकल कॉलेज निर्माण की प्रक्रिया को गति मिल सकती है। साथ ही इससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने के साथ ही मेडिकल शिक्षा का मार्ग भी प्रशस्त होगा। पत्रकार वार्ता में श्री महिपाल नेगी ने सरकार की बजट आवंटन नीति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कुमाऊं मंडल में दो मेडिकल कॉलेजों के लिए बजट का प्रावधान किया गया है, जबकि गढ़वाल मंडल के टिहरी जैसे महत्वपूर्ण जनपद की मांग को अपेक्षित प्राथमिकता नहीं मिल रही है। उन्होंने इसे क्षेत्रीय असंतुलन बताते हुए सरकार से टिहरी में मेडिकल कॉलेज निर्माण के लिए ठोस वित्तीय और प्रशासनिक निर्णय लेने की मांग की। समिति के सदस्य श्री जीतराम भट्ट ने कहा कि मेडिकल कॉलेज का मुद्दा किसी राजनीतिक दल अथवा व्यक्ति विशेष का नहीं, बल्कि टिहरी जनपद के भविष्य और आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने से जुड़ा है। उनका कहना है कि टिहरी बांध प्रभावितों और विस्थापितों के लिए बसाए गए जिला मुख्यालय को आज भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की आवश्यकता है। मेडिकल कॉलेज की स्थापना से न केवल टिहरी बल्कि आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों के लोगों को भी लाभ मिलेगा। नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने सरकार से मांग की कि बौराड़ी जिला अस्पताल को तत्काल बेस अस्पताल के रूप में विकसित करने की प्रक्रिया शुरू की जाए और पूर्व जिलाधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर नई टिहरी के आसपास मेडिकल कॉलेज निर्माण के लिए बजट एवं आवश्यक स्वीकृतियां जारी की जाएं। समिति ने चेतावनी दी कि यदि मांग पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो 12 नवंबर से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की जाएगी। इस मौके पर श्री सुंदरलाल उनियाल, चंडी प्रसाद डबराल, व्यापार मंडल अध्यक्ष शिवराज चौहान, भगवान सिंह रावत, नरोत्तम जखमोला, कमल सिंह महर, त्रिलोक चंद रमोला, भगवान चंद रमोला , राहुल बुटोला , लखबीर चौहान समेत कई लोग मौजूद रहे।
Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!