दीपक जोशी बोले– शहीदों के त्याग और बलिदान से अस्तित्व में आया उत्तराखंड राज्य
देहरादून। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सचिवालय संघ की ओर से शुक्रवार को सचिवालय परिसर स्थित एटीएम परिसर के निकट श्रद्धांजलि एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्य प्राप्ति आंदोलन के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया गया। इस दौरान सचिवालय में कार्यरत चिन्हित राज्य आंदोलनकारी अधिकारी जीतमणि पैन्यूली और ललित जोशी सहित सचिवालय में कार्य से पहुंचे चिन्हित आंदोलनकारी दिनेश डोभाल को शॉल ओढ़ाकर एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सचिवालय संघ के अध्यक्ष दीपक जोशी ने कहा कि 8 नवंबर को दीपावली का अवकाश और 9 नवंबर को प्रदेशभर में राज्य स्थापना दिवस के कार्यक्रम प्रस्तावित होने के कारण संघ ने आज ही यह आयोजन किया है। उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना दिवस महज एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि उत्तराखंड की जनभावनाओं, संघर्ष और गौरवशाली इतिहास को स्मरण करने का अवसर है। उत्तराखंड राज्य शहीद आंदोलनकारियों के त्याग, बलिदान और प्रदेश की जनता के अतुलनीय योगदान का परिणाम है।
महिला उपाध्यक्ष प्रमिला टम्टा ने कहा कि राज्य प्राप्ति आंदोलन में मातृशक्ति और युवाओं की सक्रिय भागीदारी रही। आंदोलन के दौरान अनेक महिलाओं और युवाओं ने भी अपना सर्वोच्च बलिदान दिया, जिन्हें सदैव याद रखा जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन संघ के महासचिव राजेंद्र रतूड़ी ने किया। इस अवसर पर उपाध्यक्ष संजय सिंह, कोषाध्यक्ष रमेश बर्थवाल, सचिव अतुल सिंह, संयुक्त सचिव दिव्यांशु डोभाल, प्रचार सचिव दीपक बिष्ट सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।




