सेम-नागराजा धाम को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के प्रयास तेज : सोना सजवाण

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

राज्यमंत्री ने उपली रमोली के छह गांवों का भ्रमण कर सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, विकास योजनाओं की दी जानकारी

टिहरी गढ़वाल। उत्तराखंड जड़ी-बूटी सलाहकार समिति की उपाध्यक्ष एवं राज्यमंत्री सोना सजवाण का प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान जारी है। बृहस्पतिवार को उन्होंने पट्टी उपली रमोली के दीनगांव, ओनालगांव, हेरवालगांव, मुखेम, पोखरी और खंबाखाल सहित विभिन्न गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में संचालित एवं प्रस्तावित विकास कार्यों की जानकारी भी ली।
ग्रामीणों को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए राज्यमंत्री सोना सजवाण ने कहा कि सरकार का संकल्प विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। ग्रामीण क्षेत्रों का सर्वांगीण विकास और जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि पट्टी उपली रमोली में स्थित प्रसिद्ध सेम-नागराजा धाम धार्मिक एवं ऐतिहासिक दृष्टि से विशेष महत्व रखता है। मान्यता है कि यह भगवान श्रीकृष्ण की तपस्थली है। इस पौराणिक धाम को पर्यटन की दृष्टि से विकसित कर विशेष पहचान दिलाने के लिए सरकार प्रयासरत है। धाम के पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होने से न केवल श्रद्धालुओं और पर्यटकों की आवाजाही बढ़ेगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। इससे क्षेत्र की आर्थिकी को भी मजबूती मिलेगी।
राज्यमंत्री ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि भ्रमण के दौरान उनके संज्ञान में आई समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों एवं अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई के प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर बीडीसी सदस्य राजेश पोखरियाल, यशवीर राणा, पूर्व प्रधान विजय कैंतुरा, धनपाल कैंतुरा, जुगल किशोर नौटियाल और सुनील शाह सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!