न्यू टिहरी प्रेस क्लब के दीपावली मिलन समारोह में पत्रकारों का जताया आभार, शॉल, बुके और स्मृति चिह्न भेंटकर किया सम्मानित
टिहरी गढ़वाल 2 नवम्बर। न्यू टिहरी प्रेस क्लब में सोमवार को दीपावली मिलन समारोह हर्षोल्लास और आत्मीयता के साथ आयोजित किया गया। समारोह में सामाजिक सरोकारों, आपसी सद्भाव और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश प्रमुखता से उभरा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजसेवी एवं रॉड्स के अध्यक्ष सुशील बहुगुणा रहे। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया।
समारोह को संबोधित करते हुए सुशील बहुगुणा ने समाज में बढ़ते शराब के सेवन और विशेषकर युवा पीढ़ी पर इसके दुष्प्रभावों को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि शराब का बढ़ता प्रचलन व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और सामाजिक जीवन को प्रभावित कर रहा है। युवा पीढ़ी को नशे से बचाना और उनमें अच्छे संस्कार विकसित करना आज समाज की बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल, रचनात्मक गतिविधियों और समाज के सकारात्मक कार्यों में लगाने का आह्वान किया।
‘शराब नहीं, संस्कार’ मुहिम का उल्लेख करते हुए बहुगुणा ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य समाज को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना और युवा पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ना है। उन्होंने मुहिम के संदेश को आमजन तक पहुंचाने में पत्रकारों एवं मीडिया की भूमिका की सराहना करते हुए उनका विशेष आभार जताया। उन्होंने कहा कि मीडिया के सहयोग के बिना इस मुहिम को व्यापक स्तर पर जनता तक पहुंचाना संभव नहीं होता। पत्रकारों ने अपने समाचारों और लेखों के माध्यम से अभियान के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मीडिया भविष्य में भी इस सामाजिक मुहिम को अपना सहयोग देता रहेगा।
इस अवसर पर न्यू टिहरी प्रेस क्लब के अध्यक्ष अनुराग उनियाल एवं कार्यकारिणी ने मुख्य अतिथि सुशील बहुगुणा का शॉल ओढ़ाकर, बुके और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। क्लब पदाधिकारियों ने बहुगुणा के सामाजिक सरोकारों और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए संचालित अभियान की सराहना की।
समारोह में पत्रकारों ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए आपसी भाईचारे, सौहार्द और सहयोग की भावना को मजबूत बनाने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम के समापन पर मुख्य अतिथि सुशील बहुगुणा ने सभी पत्रकारों एवं उनके परिवारों के सुख, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। दीपावली मिलन समारोह ने आपसी मेल-मिलाप के साथ नशामुक्त और संस्कारवान समाज के निर्माण का संदेश भी दिया। कार्यक्रम में प्रेस क्लब अध्यक्ष अनुराग उनियाल ने मुख्य अतिथि समेत सभी साथियों का आभार व्यक्त किया और समारोह के समापन की घोषणा की। कार्यक्रम का संचालन प्रेस क्लब महामंत्री विजय गुसाईं ने किया।
कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष गोविंद बिष्ट, विक्रम बिष्ट, गंगा थपलियाल, गोविंद पुंडीर, बलबीर सिंह नेगी, मुकेश रतूड़ी, विजय दास, लाखी सिंह रावत, उपाध्यक्ष रोशन थपलियाल, कोषाध्यक्ष धनपाल गुणसोला, मुनेंद्र नेगी, प्रदीप डबराल, सौरभ, सुभाष राणा, जगत तोपवाल, अब्बल रमोला, अंकित मित्तल, विजय पाल सिंह राणा, जोत सिंह बगियाल, बलवंत रावत, मधुसूदन बहुगुणा, समेत कई पत्रकार मौजूद रहे ।




