डॉ. राकेश भूषण गोदियाल बोले- घोषणाएं बहुत हुईं, अब मेडिकल कॉलेज का शासनादेश जारी करे सरकार
टिहरी गढ़वाल। टिहरी में मेडिकल कॉलेज की स्थापना का मुद्दा एक बार फिर राज्य स्थापना दिवस समारोह में गूंजा। प्रताप इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित समारोह के दौरान उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी मंच के अध्यक्ष डॉ. राकेश भूषण गोदियाल ने मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर समारोह का बहिष्कार कर सरकार के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने सवाल उठाया कि जब मेडिकल कॉलेज की घोषणा हो चुकी है और डीपीआर भी तैयार है, तो आखिर शासनादेश जारी करने में देरी क्यों हो रही है?
डॉ. गोदियाल ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस पर उत्सव मनाने के साथ सरकार को उन बुनियादी सवालों का जवाब भी देना चाहिए, जिनके लिए उत्तराखंड राज्य का गठन हुआ था। टिहरी में मेडिकल कॉलेज की मांग लंबे समय से उठ रही है। बौराड़ी में इसकी स्थापना की घोषणाएं पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, वर्तमान मुख्यमंत्री और कांग्रेस की तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के स्तर से भी हो चुकी हैं, लेकिन आज तक धरातल पर निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया।
उन्होंने जनपद के जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए। कहा कि जिलाधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी जनता की समस्याओं को सुनते हैं तथा उनका रवैया भी सकारात्मक रहता है, लेकिन मेडिकल कॉलेज जैसे महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दे पर यहां के जन प्रतिनिधि आवाज उठाने में नाकाम रहे हैं। जिला अस्पताल के उच्चीकरण का मामला भी वर्षों से लंबित है, जिसका खामियाजा टिहरी की जनता को भुगतना पड़ रहा है।
राज्य आंदोलन के शहीदों के सम्मान का सवाल उठाते हुए डॉ. गोदियाल ने कहा कि राज्य निर्माण के संघर्ष में टिहरी के 44 आंदोलनकारियों ने अपना बलिदान दिया था, जबकि सरकारी आंकड़ों में 42 शहीदों का ही उल्लेख है। उन्होंने कहा कि शेष 2 आंदोलनकारियों को भी शहीद का दर्जा दिलाने तथा आंदोलनकारी स्व गम्भीर सिंह कठैत की प्रतिमा का अनावरण करने के लिए उनका संघर्ष जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि वर्ष 1994 में टिहरी की ढाई लाख से अधिक जनता ने उत्तराखंड राज्य निर्माण के आंदोलन में भागीदारी की थी। ऐसे में राज्य स्थापना दिवस केवल औपचारिक समारोह और उत्सव मनाने का अवसर नहीं होना चाहिए, बल्कि यह आत्ममंथन का दिन भी है कि राज्य आंदोलन के दौरान देखे गए सपनों और जनता की अपेक्षाओं को कितना पूरा किया गया है।
इस अवसर पर राज्य आंदोलनकारी मुशर्रफ अली, देवेंद्र नौडियाल, सभासद नवीन सेमवाल, राजेंद्र पैन्यूली, राहुल बुटोला सहित अनेक आंदोलनकारी मौजूद रहे।




