विद्यालयों में पेयजल व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी सख्त
टिहरी 17 अगस्त, 2026 । जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कुल 58 शिकायतें एवं मांगपत्र प्राप्त हुए जिनमें अधिकांश पुनर्वास, प्रतिकर वितरण, आपदा से क्षतिग्रस्त आवास, सड़क, लोक निर्माण विभाग, सड़क, पेयजल सहित विभिन्न विभागों से संबंधित प्राप्त हुईं। जिनमें अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण किया गया जबकि शेष प्रकरणों को त्वरित एवं समयबद्ध कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को प्रेषित किया गया।
जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा बैठक लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने भू-अभिलेख एवं राजस्व विभाग से संबंधित अधिक शिकायतों के दृष्टिगत अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित कर शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित करने तथा प्रगति से अवगत कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि जनपद के सभी विद्यालयों में पेयजल की सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। कहा कि सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया जाए कि किसी भी विद्यालय में पेयजल से संबंधित शिकायत प्राप्त न हो। शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने विद्यालयों में शिक्षकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी शिक्षक के स्थानांतरण अथवा संबद्धीकरण की स्थिति में तत्काल प्रतिस्थानी शिक्षक की व्यवस्था की जाए, ताकि विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था प्रभावित न हो।
जनता मिलन कार्यक्रम में ग्राम हरगी निवासी योगेंद्र दत्त डोभाल ने अवगत कराया कि निर्माणाधीन पर्यटन रोड की कटिंग से उनके आवास पर खतरा मंडरा रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने जिला खान अधिकारी को लोनिवि चंबा के संबंधित अधिकारियों के साथ एक सप्ताह के अंदर संयुक्त निरीक्षण कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिला पंचायत सदस्य बागी दर्शनी रावत ने अवगत कराया कि सरज्युला पंपिंग योजना से विगत एक माह से अत्यधिक गंदा पानी सप्लाई हो रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता जल संस्थान को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
अखिल भारतीय किसान सभा, ग्राम पंचायत तिमली सागा, दुबलियाण, नरेंद्रनगर के पदाधिकारियों ने लोक निर्माण खंड नरेंद्रनगर के अंतर्गत निर्माणाधीन गूलर-सालब मोटर मार्ग पर दुबलियाण बस्ती के नजदीक सड़क मार्ग निर्माण से संबंधित समस्या से अवगत कराया। इस पर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी नरेंद्रनगर को संबंधित पक्षों के साथ बैठक कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
ग्राम प्रधान पटुड़ी विजय लाल शाह ने अवगत कराया कि तहसील प्रतापनगर के अंतर्गत ग्राम पंचायत पटुड़ी के मुख्य रास्ते एवं सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिनका कार्य आपदा के अंतर्गत करवाए जाने की आवश्यकता है। इस पर जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी जाखणीधार को स्थलीय निरीक्षण कर आपदा के अंतर्गत आवश्यक कार्य करने के निर्देश दिए।
ठेकेदार संगठन जौनपुर से आए लोगों ने अवगत कराया कि विभागों द्वारा निविदा जारी किए जाने के पश्चात उन्हें निरस्त किए जाने के प्रकरण सामने आ रहे हैं। इस पर जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी को प्रकरण की जांच कर आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जौनपुर क्षेत्र से आए व्यक्तियों ने अवगत कराया कि लखवाड़ बांध परियोजना के प्रतिकर भुगतान से संबंधित अभिलेखों में कूटरचित एवं फर्जी हस्ताक्षर किए जाने तथा बिना भुगतान की गई प्रतिकर राशि का भुगतान दर्शाए जाने की शिकायत है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
ग्राम टटोर, तहसील नैनबाग से आए व्यक्तियों ने अवगत कराया कि वे लखवाड़ बांध प्रभावित हैं तथा उनका खाता-खतौनी, खसरा एवं नाम राजकीय गजट में प्रशासन की त्रुटि के कारण छूट गया है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्रकरण का परीक्षण कर आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनता मिलन कार्यक्रम से आमजन का प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ा है और लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व में प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा की गई है, जिनमें से अधिकांश का निस्तारण हो चुका है। शेष शिकायतों का भी समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, सीएमओ डॉ. राम प्रकाश, जिला विकास अधिकारी मो. असलम, एसडीएम कमलेश मेहता, अधिशासी अभियंता लोनिवि चंबा राजवेंद्र सिंह, एसएलएओ नीलू चावला, जिला कृषि अधिकारी विजय देवराडी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिला सूचना कार्यालय, टिहरी गढ़वाल





