उत्तराखंड बोर्ड ने घोषित किया परीक्षाफल सुधार परीक्षा का रिजल्ट

Govind Pundir
3 Min Read
खबर को सुनें

रामनगर/देहरादून, 19 अगस्त। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद ने हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाफल सुधार परीक्षा-2026 का परिणाम घोषित कर दिया है। सुधार परीक्षा के परिणाम के बाद बोर्ड परीक्षाओं के समग्र परिणाम में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। हाईस्कूल का कुल परीक्षाफल 92.10 फीसदी से बढ़कर 96.07 फीसदी, जबकि इंटरमीडिएट का परिणाम 85.11 फीसदी से बढ़कर 91.80 फीसदी हो गया है।
उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद के सभापति एवं निदेशक माध्यमिक शिक्षा वी.पी. सिमल्टी ने बताया कि परीक्षाफल सुधार परीक्षा-2026 (प्रथम) तथा परीक्षाफल सुधार परीक्षा-2025 (तृतीय) के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं।
सुधार परीक्षा में हाईस्कूल का परिणाम 83.13 फीसदी
परीक्षाफल सुधार परीक्षा-2026 (प्रथम) में हाईस्कूल का कुल परिणाम 83.13 फीसदी रहा। इसमें बालकों का उत्तीर्ण प्रतिशत 82.61 फीसदी और बालिकाओं का 84.34 फीसदी रहा। वहीं इंटरमीडिएट में कुल 73.35 फीसदी छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण हुए। इनमें बालकों का परिणाम 71.20 फीसदी और बालिकाओं का 76.07 फीसदी रहा।
सुधार परीक्षा के बाद मुख्य बोर्ड परीक्षा के समग्र परिणाम में हाईस्कूल में 3.97 प्रतिशत अंक तथा इंटरमीडिएट में 6.69 प्रतिशत अंक की वृद्धि हुई है।
हाईस्कूल के नए समग्र परिणाम में 93.94 फीसदी बालक और 98.14 फीसदी बालिकाएं उत्तीर्ण हुई हैं। इसी तरह इंटरमीडिएट में 89.26 फीसदी बालक और 94.16 फीसदी बालिकाएं उत्तीर्ण हुई हैं।
2025 की तृतीय सुधार परीक्षा का परिणाम भी जारी
परिषद ने परीक्षाफल सुधार परीक्षा-2025 (तृतीय) का परिणाम भी घोषित किया। इसमें हाईस्कूल का कुल परिणाम 66.67 फीसदी रहा। बालकों का उत्तीर्ण प्रतिशत 71.88 फीसदी तथा बालिकाओं का 57.89 फीसदी रहा। इंटरमीडिएट में कुल 58.70 फीसदी छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण हुए, जिनमें बालकों का परिणाम 61.54 फीसदी और बालिकाओं का 55 फीसदी रहा।
विद्यार्थियों को दूसरा अवसर देती है सुधार परीक्षा : धन सिंह रावत
विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने परीक्षाफल सुधार परीक्षा में सफल छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सुधार परीक्षा उन विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण अवसर है, जो मुख्य बोर्ड परीक्षा में किसी विषय में अनुत्तीर्ण रह गए हों अथवा अपने अंकों में सुधार करना चाहते हों। यह परीक्षा विद्यार्थियों को अपनी मेहनत के बल पर बेहतर परिणाम हासिल करने का एक और अवसर प्रदान करती है। उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!