(लोकेंद्र जोशी घनसाली)
टिहरी गढ़वाल 28 अगस्त । 42वीं ऐतिहासिक पंचम धाम खतलिंग हिमालय जागरण महायात्रा का आयोजन 31 अगस्त से 5 सितंबर तक किया जाएगा। यात्रा का उद्देश्य हिमालय, गंगा और स्थानीय लोक संस्कृति के संरक्षण के साथ पर्यावरण के प्रति लोगों को जागरूक करना है।
पर्वतीय लोकविकास समिति, इंद्रमणि बडोनी कला एवं साहित्य मंच तथा मिलंगना क्षेत्र विकास समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह यात्रा नई दिल्ली से शुरू होकर टिहरी होते हुए ख्वालिंग पहुंचेगी।
कार्यक्रम के तहत 31 अगस्त को नई दिल्ली में हिमालय और गंगा विषय पर गोष्ठी होगी। 1 सितंबर को हरिद्वार, देहरादून, ऋषिकेश होते हुए नई टिहरी पहुंचा जाएगा। 2 सितंबर को ग्राम अखोड़ी में इंद्रमणि बडोनी जी के पवित्र आवास के दर्शन तथा नागरिक सम्मान कार्यक्रम होगा। 3 सितंबर को विभिन्न इंटर कॉलेजों में छात्र संवाद और 4 सितंबर को गंगी गांव में बाल प्रतिभा सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
यात्रा का समापन 5 सितंबर को मिलंगना में होगा। इस दौरान पर्वतीय लोकविकास समिति के क्षेत्रीय कार्यालय का शिलान्यास, विचार गोष्ठी, केदार नृत्य एवं दांगुड़ी नृत्य प्रतियोगी कार्यक्रम बच्चों के द्वारा प्रस्तुत किए जाएंगे। साथ ही प्रतिभा सम्मान कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
आयोजकों ने लोगों से महायात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर हिमालय, गंगा और स्थानीय संस्कृति के संरक्षण के संकल्प को मजबूत करने की अपील की है।




