आंगनबाड़ी केंद्रों में खेल-खेल में शिक्षा पर हुआ मंथन

Govind Pundir
3 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल 1 सितंबर। बाल विकास परियोजना चंबा में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के सहयोग से आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों के लिए एक दिवसीय सेमिनार आयोजित किया गया। सेमिनार में आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को स्कूल पूर्व शिक्षा देने तथा विभिन्न बाल विकास गतिविधियों को रोचक एवं प्रभावी बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘आंगनबाड़ी केंद्रों पर स्कूल पूर्व शिक्षा के अंतर्गत बच्चों के साथ की जाने वाली गतिविधियां’ रहा। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों ने विभिन्न गतिविधियों का प्रस्तुतीकरण करते हुए बताया कि बच्चों को खेल, कविताओं, बातचीत और अन्य रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से किस प्रकार सहजता से सीखने के लिए प्रेरित किया जा सकता है।
सेमिनार में बच्चों के भाषा विकास, संवाद एवं बातचीत, खेलों के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक विकास तथा गतिविधि आधारित सीखने की प्रक्रिया पर विशेष जोर दिया गया। कार्यकर्त्रियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि आनंददायक एवं सहज वातावरण में बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय गौरव ने आंगनबाड़ी केंद्रों के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में आंगनबाड़ी केंद्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है। वहीं बाल विकास परियोजना अधिकारी ममता लेखक ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण एवं संवादात्मक कार्यक्रम कार्यकर्त्रियों का मनोबल बढ़ाने के साथ ही उन्हें अपने कार्यों को और बेहतर तरीके से करने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने समय-समय पर इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाने की आवश्यकता बताई।
वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक रश्मि बिष्ट ने आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों को विभाग की नींव बताते हुए उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने वन स्टॉप सेंटर की कार्यप्रणाली तथा हिंसा से पीड़ित महिलाओं को उपलब्ध कराई जाने वाली विभिन्न सेवाओं की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम में अजीम प्रेमजी फाउंडेशन की मंजू रावत एवं मुनाजिर हुसैन, मिशन शक्ति से रमेश, नवीन एवं कीर्ति कुमारी सहित विभागीय सुपरवाइजर और बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां मौजूद रहीं। सेमिनार में कार्यकर्त्रियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए अपने अनुभव साझा किए और बच्चों की स्कूल पूर्व शिक्षा को अधिक रोचक एवं प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न सुझाव रखे।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!