टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड टिहरी एवं कोटेश्वर इकाई में हिंदी पखवाड़े का शुभारम्भ

Govind Pundir
3 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल 02 सितंबर 2026 । टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड, टिहरी कॉम्प्लेक्स की टिहरी एवं कोटेश्वर इकाइयों में ‘हिंदी पखवाड़ा-2026’ का शुभारंभ उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। दिनांक 02 सितंबर से 28 सितंबर 2026 तक आयोजित होने वाले इस पखवाड़े का शुभारंभ मुख्य महाप्रबंधक प्रांगण में मुख्य महाप्रबंधक (टिहरी कॉम्प्लेक्स) श्री आर. आर. सेमवाल द्वारा किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

हिंदी पखवाड़े का उद्देश्य कार्यालयीन कार्यों में राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक एवं सहज प्रयोग को प्रोत्साहित करना, हिंदी के प्रति रुचि एवं जागरूकता बढ़ाना तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपनी भाषाई एवं रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच प्रदान करना है। पखवाड़े के दौरान विभिन्न रचनात्मक, साहित्यिक एवं ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा ।

हिंदी पखवाड़े के शुभारम्भ के अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक (टिहरी कॉम्प्लेक्स) श्री आर. आर. सेमवाल ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि “हिंदी केवल हमारी राजभाषा ही नहीं, बल्कि यह हमारी सांस्कृतिक विरासत, भावनात्मक एकता एवं आपसी संवाद का सशक्त माध्यम है।” उन्होंने कहा कि कार्यालयीन कार्यों में हिंदी का अधिकाधिक प्रयोग करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। हिंदी का प्रयोग जितना सहज और व्यापक होगा, राजभाषा के प्रति हमारी प्रतिबद्धता उतनी ही मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि हिंदी पखवाड़े के दौरान आयोजित होने वाली प्रतियोगिताएं केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपनी रचनात्मकता, भाषाई दक्षता एवं विचारों को अभिव्यक्त करने का अवसर भी मिलता है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों एवं प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने तथा अपने दैनिक कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग एवं हिंदी के प्रयोग को अपनी कार्यसंस्कृति का अभिन्न हिस्सा बनाने को बढ़ावा देने का आह्वान किया।

हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं जैसे सुलेख, टंकण, निबंध, नोटिंग-ड्राफ्टिंग, अनुवाद, वाद-विवाद एवं हिंदी आशुभाषण सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही पखवाड़े के समापन अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत एवं सम्मानित किया जाएगा।

इस अवसर पर महाप्रबंधक (पीएसपी) श्री एस.के.साहू, अपर महाप्रबंधक (वित्त एवं लेखा) श्री ए.पी. बाजपेई, अपर महाप्रबंधक (पी.एस.डी.) श्री संजय महर, अपर महाप्रबंधक (नियोजन) श्री विपिन सकलानी, अपर महाप्रबंधक (गुणवत्ता नियंत्रण/सुरक्षा) श्री बी.डी.सेमवाल, उप महाप्रबंधक (मा.सं.एवं प्रशा.) श्री मोहन सिंह श्रीस्वाल, सहायक प्रबंधक (मा.सं.एवं प्रशा.) कुमारी बानी शुक्ला, अधिकारी (हिंदी) श्रीमती नीरज सिंह आदि बड़ी संख्या में कार्मिक उपस्थित थे ।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!