शिक्षक दिवस पर विधिक जागरूकता शिविर, बाल संरक्षण और POCSO कानून की दी जानकारी

Govind Pundir
3 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल 5 सितंबर। राष्ट्रीय शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को टिहरी बाँध परियोजना इंटरमीडिएट कॉलेज, भागीरथीपुरम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को शिक्षा, बाल संरक्षण तथा बच्चों से संबंधित कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक करना रहा।
उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष/जनपद न्यायाधीश श्री नितिन शर्मा के निर्देशानुसार आयोजित शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री दयाराम ने छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि 5 सितंबर को भारत के पूर्व राष्ट्रपति, महान शिक्षाविद एवं दार्शनिक डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के रूप में शिक्षक दिवस मनाया जाता है। शिक्षक केवल पाठ्यपुस्तकों का ज्ञान देने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के चरित्र, सोच और भविष्य की नींव तैयार करने वाला मार्गदर्शक होता है।
उन्होंने कहा कि शिक्षक दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका एवं जिम्मेदारियों को पुनः रेखांकित करने का दिन भी है। कानून के प्रति जागरूक और संवेदनशील शिक्षक बच्चों को न केवल शोषण से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है, बल्कि उन्हें सुरक्षित, सम्मानजनक और गरिमापूर्ण वातावरण भी उपलब्ध करा सकता है।
शिविर में सचिव ने शिक्षा का अधिकार अधिनियम (RTE Act, 2009) के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी देते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे तक शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करना शिक्षकों एवं विद्यालय प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इसके साथ ही बाल संरक्षण कानून एवं पॉक्सो (POCSO) अधिनियम के संबंध में भी विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने बच्चों के अधिकारों, उनकी सुरक्षा तथा किसी भी प्रकार के शोषण अथवा उत्पीड़न की स्थिति में उपलब्ध सहायता एवं कानूनी संरक्षण के बारे में भी जागरूक किया।
शिविर में टिहरी बाँध परियोजना इंटरमीडिएट कॉलेज के प्रधानाचार्य शिवेंद्र सिंह रावत, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के परियोजना समन्वयक दीपक भट्ट, रिटेनर अधिवक्ता राजपाल सिंह मियां, विद्यालय के शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकार मित्र उपस्थित रहे।
शिक्षक सम्मान समारोह में भी दी विधिक जानकारी
विधिक जागरूकता शिविर के बाद जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री दयाराम ने नगरपालिका परिषद नई टिहरी, बौराड़ी में आयोजित राजकीय शिक्षक संघ के सम्मान समारोह में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षकों को बाल संरक्षण एवं शिक्षा से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को पुरस्कार वितरित कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में नगर पालिका नई टिहरी के अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, खंड शिक्षा अधिकारी तस्लीम कुरैशी, रिटेनर अधिवक्ता राजपाल सिंह मियां, अधिकार मित्र सोमवारी लाल सकलानी ‘निशान्त’, गणमान्य शिक्षकगण एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!