शिवपुरी में ह्यूल नदी में बहा बंजी कंपनी का कर्मचारी, SDRF का सर्च अभियान जारी

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल 9 सितम्बर । शिवपुरी में ह्यूल नदी में स्नान के दौरान हिमालयन बंजी कंपनी का एक कर्मचारी तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गया। सूचना मिलते ही SDRF ढालवाला की टीम ने मौके पर पहुंचकर नदी में सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया। देर शाम तक लापता कर्मचारी का कोई सुराग नहीं मिल पाया था।
जानकारी के अनुसार हिमालयन बंजी कंपनी में कार्यरत हरीश उनियाल (34), पुत्र परमानंद उनियाल, निवासी चौदह बीघा ऋषिकेश, मूल निवासी चाका गजा, थाना नरेंद्रनगर और बलजीत सिंह रेखी (40), पुत्र नरेंद्र सिंह नेगी, निवासी आलमबाग लखनऊ बुधवार को अवकाश पर थे। दोनों शिवपुरी में चौकी के नीचे ह्यूल नदी में स्नान करने गए थे।
बताया गया कि स्नान के दौरान हरीश उनियाल अचानक अपना संतुलन खो बैठे और नदी के तेज बहाव में बह गए। साथी बलजीत सिंह रेखी ने तत्काल इसकी सूचना संबंधित लोगों को दी, जिसके बाद SDRF ढालवाला टीम को घटना की जानकारी दी गई।
सूचना मिलते ही SDRF जवान आवश्यक रेस्क्यू एवं सर्च उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और नदी में सघन तलाशी अभियान शुरू किया। टीम द्वारा नदी के संभावित स्थानों पर लगातार सर्च किया जा रहा है।
घटनास्थल पर SDRF, जल पुलिस और स्थानीय पुलिस की टीमें मौजूद हैं। सभी टीमें संयुक्त रूप से लापता कर्मचारी की तलाश में जुटी हुई हैं। नदी में तेज बहाव के कारण सर्च अभियान में चुनौतियां भी सामने आ रही हैं।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!