टिहरी गढ़वाल 10 सितम्बर। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नई टिहरी में महान स्वतंत्रता सेनानी, कुशल प्रशासक एवं भारत रत्न पंडित गोविन्द बल्लभ पंत की जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. प्रीती कुमारी के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित गोविन्द बल्लभ पंत के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों ने पंडित पंत के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में डॉ. नूर हसन ने पंडित गोविन्द बल्लभ पंत के स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान एवं उनके राष्ट्रवादी विचारों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पंडित पंत का जीवन त्याग, संघर्ष और राष्ट्रसेवा का प्रेरणादायी उदाहरण है।
डॉ. चंचल गोस्वामी ने पंडित गोविन्द बल्लभ पंत के सामाजिक एवं राजनीतिक योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि उन्होंने देश के लोकतांत्रिक एवं प्रशासनिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके आदर्श एवं विचार वर्तमान पीढ़ी के लिए भी प्रासंगिक हैं।
महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. प्रीति कुमारी ने अपने संबोधन में कहा कि पंडित गोविन्द बल्लभ पंत का संपूर्ण जीवन राष्ट्रहित के लिए समर्पित रहा। उन्होंने विद्यार्थियों से उनके जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने पंडित गोविन्द बल्लभ पंत के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।




