भगवान शिव को जीवन का स्वामी बनाएं, दूर होंगी चिंताएं : डॉ. दुर्गेश आचार्य

Govind Pundir
4 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल 22 सितम्बर। बौराड़ी शहीद स्मारक में आयोजित शिव महापुराण कथा में राष्ट्रीय संत एवं कथा व्यास डॉ. दुर्गेश आचार्य जी महाराज ने विभिन्न पौराणिक प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को भक्ति, धर्म और सदाचार का संदेश दिया। कथा के दौरान नंदी जन्म, गौतम ऋषि, सुनन्दा गणिका, गृह अवतार और उत्तरकाशी विश्वनाथ की महिमा का वर्णन किया गया।

नंदी जन्म प्रसंग में कथा व्यास ने बताया कि ऋषि शिलाद के पुत्र नंदी के जन्म के समय उनके अल्पायु होने की भविष्यवाणी की गई थी। नंदी की आयु पांच वर्ष छह माह बताई गई, जिससे उनके पिता शिलाद चिंतित हो गए। इसके बाद नंदी ने भगवान शिव की कठोर तपस्या की। उनकी भक्ति से प्रसन्न होकर भगवान शिव ने उन्हें दर्शन दिए और दीर्घायु व अमरत्व का वरदान देते हुए अपना प्रिय गण और वाहन बना लिया।

गृह अवतार के प्रसंग में डॉ. आचार्य ने कहा कि मनुष्य घर-परिवार की चिंताओं में स्वयं को परेशान करता रहता है। उन्होंने भावपूर्ण ढंग से कहा, “आप सभी अपने घर के मालिक हैं, इसलिए परेशान हैं। भगवान शिव को घर का मालिक बनाकर तो देखिए, सारी चिंता शिव ही करेंगे।” उन्होंने कहा कि घर में प्रेम, श्रद्धा, सत्य और सदाचार हो तो वही घर शिवमय बन जाता है।

उन्होंने गौतम ऋषि के तप और धर्मनिष्ठ जीवन का वर्णन करते हुए कठिन परिस्थितियों में भी ईश्वर पर विश्वास बनाए रखने का संदेश दिया। वहीं, सुनन्दा गणिका के प्रसंग के माध्यम से उन्होंने कहा कि भगवान शिव भक्त के बाहरी रूप या सामाजिक स्थिति को नहीं, बल्कि उसके मन के भाव और सच्ची श्रद्धा को देखते हैं।

कथा के दौरान उत्तरकाशी विश्वनाथ धाम की महिमा का वर्णन करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तरकाशी की पावन भूमि पर भगवान विश्वनाथ विराजमान हैं। श्रद्धालुओं की आस्था में यहां साक्षात काशी विश्वनाथ के दर्शन का भाव जुड़ा हुआ है। उन्होंने भगवान शिव के प्रति श्रद्धा रखते हुए सत्य, धर्म, सेवा और सदाचार के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।

कथा व्यास ने कहा कि समाज से आसुरी प्रवृत्तियों का नाश होने के बाद ही रामराज्य की भावना साकार हो सकती है। भगवान शिव और भगवान राम के आदर्शों को जीवन में उतारकर ही व्यक्ति और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है।

इस अवसर पर प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी ने व्यास पीठ से आशीर्वाद प्राप्त किया और उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। उन्होंने राज्य निर्माण आंदोलन के 42 शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके बलिदान के मूल्यों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने टिहरी में लंबे समय से लंबित मेडिकल कॉलेज की स्थापना की मांग भी प्रमुखता से उठाई। उन्होंने कहा कि टिहरी ने देश के विकास में बड़ी बांध परियोजनाओं के माध्यम से महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर जनता से एकजुट रहने और सरकार पर दबाव बनाए रखने का आह्वान किया।

इस मौके पर प्रताप नगर विधायक विक्रम सिंह नेगी, कुलदीप पंवार, राज्य आंदोलनकारी देवी सिंह पवार, प्रताप नगर के कनिष्ठ प्रमुख बिशन सिंह रांगड़ , पूर्व जिला पंचायत सदस्य श्रीमती रागिनी भट्ट, समिति के अध्यक्ष राकेश राणा, कोषाध्यक्ष महावीर प्रसाद उनियाल, गोविंद सिंह पुंडीर, टीकम सिंह चौहान, गणेश भट्ट, अनीता थपलियाल, आनंद घिल्डियाल, कथा मंडप आचार्य सहित समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। कथा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!