टिहरी गढ़वाल । जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में राजस्व संग्रहण एवं अनुश्रवण समिति की बैठक हुई। उन्होंने अधिकारियों को राजस्व वसूली बढ़ाने, तीन वर्ष से अधिक पुराने राजस्व वादों का प्राथमिकता से निस्तारण करने और प्रवर्तन कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने तहसीलवार देयकों की वसूली की नियमित समीक्षा, लंबित रजिस्ट्री व विवादित मामलों के शीघ्र निस्तारण तथा कम वसूली वाले अमीनों की प्रगति सुधारने को कहा।
बैठक में बताया गया कि अगस्त 2026 तक परिवहन विभाग ने 535.01 लाख रुपये राजस्व अर्जित किया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि से 2.68 प्रतिशत अधिक है। आबकारी विभाग को 68.25 करोड़ रुपये राजस्व प्राप्त हुआ, जिसमें 4.67 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई। अगस्त में 110 छापों में 454 किलोग्राम अवैध सामग्री बरामद कर 16 अभियोग दर्ज किए गए।
अभियोजन विभाग में विभिन्न अधिनियमों के 94 वाद लंबित पाए गए। डीएम ने पुराने मामलों की नियमित समीक्षा कर शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। खाद्य आपूर्ति विभाग ने अक्टूबर माह के राशन का उठान पूरा होने और एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता की जानकारी दी। राशन कार्डों का 93 प्रतिशत सत्यापन पूरा हो चुका है।
बैठक में एडीएम शैलेन्द्र सिंह नेगी, एएसपी अमित कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
राजस्व वसूली में लाएं तेजी, पुराने वादों के निस्तारण न होने पर डीएम सख्त

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन
वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।



