टिहरी गढ़वाल 4 अक्टूबर। माधव आश्रम जी महाराज की पुण्य स्मृति में प्रस्तावित अष्टोत्तरशत (108) श्रीमद्भागवत महापुराण के विराट धार्मिक आयोजन की तैयारियों को लेकर रविवार को होटल भारत मंगलम, बौराड़ी में अष्टोत्तरशत लोक मंगल समिति टिहरी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के उपाध्यक्ष भगवान चंद रमोला ने की।
कार्यक्रम संयोजक राजेंद्र प्रसाद चमोली शास्त्री ने आयोजन की अब तक की तैयारियों और प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भव्य धार्मिक आयोजन को सफल एवं व्यवस्थित रूप देने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसके लिए विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्ययोजना तैयार की जा रही है।
बैठक में वक्ताओं ने आयोजन में शामिल होने वाले अतिथियों को स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र प्रदान करने सहित वेदपाठी ब्राह्मणों के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की । वेदपाठी ब्राह्मणों के आवास एवं अन्य व्यवस्थाएं नवदुर्गा मंदिर बौराड़ी और सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, नई टिहरी में किए जाने का निर्णय लिया गया। वहीं बाहर से आने वाले अतिथियों के ठहरने की व्यवस्था चौहान वेडिंग प्वाइंट, टिहरी होटल, टूरिस्ट होटल तथा होटल गैलेक्सी में किए जाने पर सहमति बनी।
बैठक में समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने आयोजन को भव्य, अनुशासित और जनसहभागिता से सफल बनाने के लिए अपने सुझाव रखे तथा विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारियों पर भी चर्चा की।
इस अवसर पर भगवान चंद रमोला, देवेंद्र नौडियाल, राजेंद्र प्रसाद चमोली, नवीन सेमवाल, केदार सिंह पंवार, संजय ढौंडियाल, चंद्रमोहन पांडे, विजय डोभाल, सीताराम भट्ट, लक्ष्मी प्रसाद बडोनी, अनुसूया प्रसाद नौटियाल, विजेंद्र चंद्र रमोला, सूरत सिंह राणा, अनिल उनियाल, त्रिलोक चंद्र रमोला, टीकम चौहान, विजय बहुगुणा, बी डी कुनियाल, सतीश चंद्र थपलियाल, गोविंद पुंडीर, विनोद उनियाल, भारत भूषण चमोली, अनिल नैथानी, आनंद सिंह तोपवाल, देवी प्रसाद रतूड़ी, गंगा भगत नेगी, कुलदीप पंवार आदि मौजूद रहे।




