टिहरी के पीआईसी ग्राउण्ड में भव्य कार्यक्रम
टिहरी गढ़वाल । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में उत्तराखंड भाजपा की ओर से बुधवार को प्रदेशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली गई। अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों में सेवा, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने तथा विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
टिहरी जिले में पीआईसी ग्राउंड बौराड़ी से सेवा ज्योति यात्रा निकाली गई। यात्रा का नेतृत्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने किया, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने की। यात्रा में भाजपा के विधायक, पूर्व मंत्री, पूर्व विधायक, दायित्वधारी, ब्लॉक प्रमुख, जिला पंचायत एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य तथा बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए। यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने सेवा और राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया।
कार्यक्रम स्थल पर सेवा ज्योति प्रज्ज्वलित की गई तथा कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कार्यकर्ताओं को विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का सामूहिक संकल्प दिलाया।
इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य संगठन के कार्यकर्ताओं को सेवा और राष्ट्र निर्माण के कार्यों से जोड़ना तथा प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प को जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाना है। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
इस अवसर पर टिहरी समेत प्रदेश के विभिन्न जनपदों में भी आयोजित सेवा ज्योति सभाओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। वक्ताओं ने प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में किए गए कार्यों और देश के विकास में उनके योगदान को रेखांकित किया।




