सेवा संकल्प सभा में सीएम धामी ने गिनाईं उपलब्धियां, विश्वनाथ-शक्ति माता कॉरिडोर की घोषणा

Govind Pundir
3 Min Read
खबर को सुनें

उत्तरकाशी, 7 अक्टूबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को उत्तरकाशी के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित सेवा ज्योति कलश यात्रा एवं सेवा संकल्प सभा में प्रतिभाग किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने पर उनके सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के प्रयासों को नमन करते हुए विकसित भारत-2047 के निर्माण का संकल्प लिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए सरकार निरंतर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जनधन, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंच रहा है। प्रदेश की अर्थव्यवस्था में डेढ़ गुना से अधिक वृद्धि, प्रति व्यक्ति आय में 41 प्रतिशत से अधिक बढ़ोतरी और 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित होने का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि पर्यटन, रोजगार और स्वरोजगार के क्षेत्र में भी तेजी आई है।
धामी ने कहा कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में अब तक 56 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। उत्तरकाशी में 200 करोड़ रुपये से अधिक की 50 विकास योजनाओं पर कार्य चल रहा है, जिनमें 26 पूर्ण हो चुकी हैं। उन्होंने नकल विरोधी कानून के चलते पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिलने की बात भी कही।
मुख्यमंत्री ने श्री काशी विश्वनाथ-शक्ति माता कॉरिडोर बनाने की घोषणा करते हुए कहा कि इससे धार्मिक पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने धौंतरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के उच्चीकरण का परीक्षण कराने, भटवाड़ी में केंद्रीय विद्यालय की स्वीकृति के लिए प्रयास करने तथा डोडीताल, अवाना बुग्याल व हरिमहाराज सौड़ बुग्याल के विकास की बात कही। जिला अस्पताल में आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ अस्पताल का नाम दिवंगत विधायक गोपाल सिंह रावत के नाम पर करने की भी घोषणा की।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल, पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!