12 से 20 अक्टूबर तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया होगी पूरी
टिहरी गढ़वाल, 7 अक्टूबर। तहसील सभागार घनसाली में बुधवार को जिला प्रशासन के निर्देश पर सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं तहसीलदार घनसाली हरीश जोशी ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची के पुनर्मिलान और नए मतदाताओं के नाम जोड़ने की प्रक्रिया की जानकारी दी।
तहसीलदार ने बताया कि SIR कार्यक्रम से पूर्व और इसके बाद तैयार मतदाता सूची का पुनः मिलान किया जाएगा। इसके तहत 8 से 10 अक्टूबर तक तीन दिवसीय अभियान चलाकर ऐसे मतदाताओं की सूची तैयार की जाएगी, जिनके नाम पूर्व की मतदाता सूची में दर्ज थे, लेकिन नई सूची में छूट गए हैं। इसके साथ ही 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके नए मतदाताओं को भी चिह्नित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 12 से 20 अक्टूबर तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। संबंधित बीएलओ घर-घर जाकर पात्र मतदाताओं से निर्धारित प्रपत्र भरवाकर उनके नाम निर्वाचन नामावली में दर्ज कराने की कार्रवाई करेंगे।
सहायक निर्वाचन अधिकारी हरीश जोशी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के माध्यम से आम नागरिकों से अभियान में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि जिन पात्र मतदाताओं का नाम किसी भी निर्वाचन नामावली में दर्ज होने से रह गया है, वे अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क कर नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी करें। उन्होंने राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों से भी अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने का आह्वान किया।
घनसाली में बढ़े दो मतदान केंद्र
बैठक में निर्वाचन संबंधी जानकारी देते हुए तहसीलदार जोशी ने बताया कि पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान विधानसभा घनसाली में 159 मतदान केंद्र थे, जिनकी संख्या वर्तमान में बढ़कर 161 हो गई है।
उन्होंने बताया कि 1 जनवरी 2025 को SIR प्रक्रिया शुरू होने के समय घनसाली विधानसभा में 94,000 मतदाता दर्ज थे, जबकि वर्तमान में मतदाताओं की संख्या घटकर 86,346 रह गई है। इनमें 44,421 पुरुष और 41,925 महिला मतदाता शामिल हैं।
मतदान प्रतिशत की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में 45.40 प्रतिशत, वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में 49 प्रतिशत तथा वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में 42.23 प्रतिशत मतदान हुआ था।
बैठक में कांग्रेस की ओर से बालकृष्ण नौटियाल और ब्लॉक अध्यक्ष सुंदर लाल उनियाल, भाजपा से राम कुमार कठैत, यूकेडी के ब्लॉक अध्यक्ष अरविंदर राणा सहित राजस्व निरीक्षक विजय कुमार पटवाल, उत्तम दास एवं राजस्व कर्मी राजेश चौहान आदि मौजूद रहे।




