टिहरी गढ़वाल 9 अक्टूबर। पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं भाजपा नेता दिनेश सिंह धनाई शुक्रवार को टिहरी विधानसभा क्षेत्र के जाखणीधार विकासखंड के ग्राम पुनाणु पहुंचे। यहां उन्होंने ग्रामीणों और समर्थकों के साथ खेतों में उतरकर पारंपरिक तरीके से धान की मढ़ाई की। इस दौरान उन्होंने काश्तकारों का उत्साहवर्धन करते हुए पारंपरिक खेती को बढ़ावा देने और गांवों से पलायन रोकने के लिए सामूहिक प्रयासों की जरूरत बताई।
दिनेश सिंह धनाई ने कहा कि पहाड़ों में लोग धीरे-धीरे खेती-किसानी छोड़कर गांवों से पलायन कर रहे हैं। ऐसे में जनप्रतिनिधियों का भी दायित्व है कि वे केवल खेती को बढ़ावा देने की बात न करें, बल्कि स्वयं खेतों में उतरकर किसानों का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि यदि जनप्रतिनिधि अपने पैतृक गांवों में बंजर पड़े खेतों और खेत-खलिहानों को संवारने की पहल करें, तो इससे अन्य ग्रामीण भी पारंपरिक खेती की ओर लौटने के लिए प्रेरित हो सकते हैं।
धनाई ने कहा कि बदलाव की शुरुआत स्वयं से करनी होगी। दूसरों को उपदेश देने के बजाय अपने व्यवहार और प्रयासों से उदाहरण प्रस्तुत करना जरूरी है। उन्होंने बताया कि वह समय-समय पर ग्रामीणों के बीच पहुंचकर रोपाई और मढ़ाई जैसे कृषि कार्यों में हाथ बंटाते रहते हैं। खेती-किसानी से जुड़ना और किसानों का मनोबल बढ़ाना पलायन रोकने की दिशा में उनका एक छोटा-सा प्रयास है।
इसी उद्देश्य से वह ग्राम पुनाणु निवासी राजेंद्र सिंह गुसाईं के खेतों में धान की मढ़ाई करने पहुंचे। इस दौरान ग्रामीणों के साथ पारंपरिक कृषि कार्यों में भागीदारी कर उन्होंने खेती को ग्रामीण जीवन और पहाड़ की परंपराओं से जोड़कर रखने का संदेश दिया।
इस मौके पर क्षेत्र पंचायत सदस्य रणवीर सिंह राणा, पूर्व ग्राम प्रधान जोत सिंह पनाई, शूरवीर सिंह गुसाईं, उम्मेद सिंह, गुलाब सिंह, राजेंद्र सिंह, बिजेंद्र सिंह, विजयपाल सिंह, मदन सिंह, चतर सिंह गुसाईं, पूरण सिंह राणा, कमल सिंह, बीरेंद्र सिंह, कार्तिक, छंछरू, जोतर दास और रामदास सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे ।
पारंपरिक खेती को बढ़ावा देने और पलायन रोकने के लिए जनप्रतिनिधियों से की पहल की अपील

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन
वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।



