विधायक किशोर उपाध्याय ने विद्यार्थियों को दिया राष्ट्र निर्माण का संदेश, कॉलेज परिसर व छात्रावास निर्माण का दिया आश्वासन
टिहरी गढ़वाल 13 अक्टूबर। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नई टिहरी में ‘सेवा संकल्प, मेरे सपनों का भारत एवं विकसित भारत @2047’ विषय पर आयोजित साप्ताहिक कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्वक हुआ। समापन समारोह में विधायक किशोर उपाध्याय ने विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों तथा छात्रवृत्ति प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया।

महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. प्रीती कुमारी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में निबंध, चित्रकला, भाषण और रंगोली प्रतियोगिताओं के साथ फिट इंडिया मूवमेंट से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की गईं। इनका उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता, सामाजिक उत्तरदायित्व, राष्ट्र निर्माण और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
मुख्य अतिथि विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि देश का भविष्य युवाओं की सोच, मेहनत, नवाचार और सामाजिक प्रतिबद्धता पर निर्भर करता है। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और स्थानीय संस्कृति के संरक्षण के प्रति भी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने ‘मेरे सपनों का भारत’ की परिकल्पना को साकार करने के लिए प्रत्येक नागरिक से अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया।
विधायक ने छात्रसंघ अध्यक्ष अंशुल और सचिव ऋतुराज की ओर से रखी गई मांगों को गंभीरता से सुना। उन्होंने महाविद्यालय को पूर्ण परिसर के रूप में विकसित करने, छात्रावास निर्माण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने तथा महाविद्यालय के समग्र विकास के लिए जरूरी कदम उठाने का आश्वासन दिया। उन्होंने जलवायु परिवर्तन और गंगा संरक्षण विषय पर महाविद्यालय में सेमिनार आयोजित करने के लिए भी प्रोत्साहित किया।
प्राचार्य प्रो. प्रीती कुमारी ने कहा कि विकसित भारत @2047 का लक्ष्य केवल आर्थिक प्रगति तक सीमित नहीं है। सामाजिक समानता, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, आत्मनिर्भरता और नैतिक मूल्यों की भी इसमें अहम भूमिका है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग समाज एवं राष्ट्र के विकास में करने की अपील की।
कार्यक्रम संयोजक डॉ. रंजना सिंह ने साप्ताहिक आयोजन के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और राष्ट्रीय एवं सामाजिक विषयों के प्रति संवेदनशील बनने का अवसर देते हैं। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अंकिता बोरा ने किया। इस अवसर पर वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. राजकुमार त्यागी और मुख्य शास्ता डॉ. डीपीएस भंडारी सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
अंत में कार्यक्रम समारोहक डॉ. हर्षिता जोशी ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण, सामाजिक सेवा, स्वस्थ जीवनशैली और विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने के संदेश के साथ हुआ।




