टिहरी गढ़वाल 16 अक्टूबर। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत टिहरी जनपद में ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) 23 अक्टूबर से 8 नवंबर तक की जाएगी। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जांच की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
डीएम ने बताया कि ईवीएम वेयरहाउस में इलेक्ट्रॉनिक्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (ईसीआईएल) के इंजीनियर सभी बैलेट यूनिट, कंट्रोल यूनिट और वीवीपैट मशीनों की शत-प्रतिशत तकनीकी जांच करेंगे। प्रक्रिया की निर्वाचन आयोग द्वारा वेबकास्टिंग भी की जाएगी। राजनीतिक दलों के पंजीकृत प्रतिनिधि जांच के दौरान उपस्थित रह सकेंगे। एफएलसी कक्ष में मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा।
जिलाधिकारी ने सुरक्षा, चिकित्सा, पेयजल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए। सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल, मेटल डिटेक्टर और अग्निशमन वाहन की व्यवस्था की जाएगी। जांच में सफल मशीनों पर ग्रीन स्टिकर लगाया जाएगा, जबकि विफल मशीनों को सात दिन के भीतर संबंधित कारखाने भेजा जाएगा।
डीएम ने अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुरूप पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने तथा प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट मुख्य निर्वाचन अधिकारी को भेजने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी सहित संबंधित अधिकारी तथा भाजपा, कांग्रेस और सीपीएम के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
23 अक्टूबर से शुरू होगी ईवीएम-वीवीपैट की जांच, डीएम ने दिए पारदर्शिता के निर्देश

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन
वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।



