प्रतापनगर में जिला पंचायत अध्यक्ष रहते कराए कई महत्वपूर्ण कार्य: सोना सजवाण

Govind Pundir
3 Min Read
खबर को सुनें

भाजपा की संगठनात्मक बैठक में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर मंथन, बूथ प्रबंधन मजबूत करने पर जोर

टिहरी गढ़वाल 23 अक्टूबर। प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को ओण पट्टी के देवल गांव में आयोजित पार्टी की संगठनात्मक बैठक में कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर जनसंपर्क करने, सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया गया।
बैठक का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत ने किया। उन्होंने कहा कि प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा का विधायक बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करना होगा। विकास के मामले में क्षेत्र के पिछड़ने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ जनता के बीच जाने की अपील की।
सरकार में दायित्वधारी एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सोना सजवाण ने कहा कि प्रतापनगर में भाजपा की मजबूत टीम है। पिछले विधानसभा चुनाव में रह गई कमियों को दूर कर इस बार बेहतर परिणाम के लिए सभी कार्यकर्ताओं को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने अपने जिला पंचायत अध्यक्ष के कार्यकाल में क्षेत्र में कराए गए विभिन्न विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि जलकुर पंपिंग योजना के लिए एकमुश्त 40 लाख रुपये से अधिक की धनराशि आवंटित कराई गई। इसके अलावा सिंचाई नहरों का निर्माण तथा सेम-मुखेम में यात्रियों की सुविधा के लिए शेड, प्रतीक्षालय और शौचालय निर्माण के साथ सौंदर्यीकरण सहित कई कार्य कराए गए।
सजवाण ने कार्यकर्ताओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और संगठन के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि योजनाओं से वंचित पात्र लोगों को उनका लाभ दिलाने के साथ ही लाभार्थियों के माध्यम से भी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जानी चाहिए।
विधानसभा चुनाव प्रभारी जोत सिंह बिष्ट ने आगामी चुनाव की तैयारियों के संबंध में कार्यकर्ताओं को जानकारी दी। उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं, मतदान केंद्रों, पिछले चुनाव में मिले मतों और बूथ प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा करते हुए चुनावी रणनीति को प्रभावी बनाने के सुझाव दिए।
बैठक में मंडल अध्यक्ष रमेश रतूड़ी, मुरारी रांगड़, नंद किशोर पैन्यूली, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गोविंद रावत सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!