🔴 ब्रेकिंग न्यूज़ | नई टिहरी
हेलीकॉप्टर को उतरता देख स्टेडियम में खेल रहे बच्चे घबराए, मुंबई के पांच यात्री थे सवार
नई टिहरी। टिहरी के बौराड़ी स्टेडियम में शनिवार सुबह उस समय हलचल मच गई, जब सहस्त्रधारा से गुप्तकाशी जा रहा ट्रांसभारत एविएशन कंपनी का हेलीकॉप्टर तकनीकी खराबी के चलते उतर गया। उस समय स्टेडियम में बच्चे खेल रहे थे। अचानक हेलीकॉप्टर को उतरता देख बच्चे घबरा गए।
हेलीकॉप्टर में मुंबई के पांच यात्री सवार थे। पायलट के अनुसार, तकनीकी खराबी मामूली थी और यह इमरजेंसी लैंडिंग नहीं थी। पायलट ने तकनीकी खराबी को ठीक करने के बाद हेलीकॉप्टर से गुप्तकाशी के लिए दोबारा उड़ान भर दी।
हेलीकॉप्टर के सुरक्षित रवाना होने के बाद स्थिति सामान्य हो गई। हालांकि उतरते और उड़ने के दौरान स्टेडियम और आस पास मुफ़्त की धूल लोगों को खानी पड़ी। गनीमत रही कि इस दौरान कोई हादसा नहीं हुआ।




