टिहरी समेत कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट, 30 अक्टूबर को ओलावृष्टि की आशंका

Govind Pundir
3 Min Read
खबर को सुनें

देहरादून/नई टिहरी। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने 29 से 31 अक्टूबर तक प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। 30 अक्टूबर को कुछ जिलों में भारी बारिश और ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। इसे देखते हुए पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों और किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, 29 अक्टूबर को टिहरी गढ़वाल, हरिद्वार, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली, पौड़ी, अल्मोड़ा, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं गरज के साथ बिजली चमकने तथा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। हवाओं के झोंके 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं। देहरादून और उत्तरकाशी में कुछ स्थानों पर भारी बारिश का पूर्वानुमान है।
30 अक्टूबर को पिथौरागढ़, बागेश्वर, नैनीताल और चंपावत में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। वहीं नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर और चमोली में गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। टिहरी समेत प्रदेश के अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
विभाग के मुताबिक, 31 अक्टूबर को पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं आकाशीय बिजली चमक सकती है। वहीं 3200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश या बर्फबारी होने की संभावना है। एक और दो नवंबर को भी कुछ पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश या ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। तीन और चार नवंबर को प्रदेश के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
भूस्खलन और फसलों को नुकसान की आशंका
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि भारी बारिश से संवेदनशील पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और चट्टानें गिरने की घटनाएं हो सकती हैं। इससे सड़कें और संपर्क मार्ग बाधित होने के साथ ही निचले इलाकों में जलभराव तथा नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने की आशंका है। ओलावृष्टि से खड़ी फसलों, बागवानी और वृक्षारोपण को नुकसान पहुंच सकता है।
विभाग ने लोगों को आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने, पेड़ों के नीचे शरण न लेने तथा पहाड़ी मार्गों पर सावधानी से यात्रा करने की सलाह दी है। किसानों को खेतों में रखी कटी हुई उपज सुरक्षित स्थान पर रखने और पशुओं को खराब मौसम के दौरान खुले में न बांधने की सलाह दी गई है।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!