टिहरी गढ़वाल, 1 नवंबर। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन में मतदान प्रतिशत बढ़ाने और मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए टिहरी जिले में मतदाता जागरूकता अभियान तेज कर दिया गया है। व्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता (स्वीप) कार्यक्रम के तहत गांवों से लेकर विद्यालयों और खेल मैदानों तक विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
स्वीप की नोडल अधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल के निर्देश पर जिले के विभिन्न विकासखंडों में स्वयं सहायता समूहों, महिला मंगल दलों, युवक मंगल दलों और शिक्षण संस्थानों की भागीदारी से अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके तहत प्रतापनगर विकासखंड के लिखवार गांव और बीजपुर, कीर्तिनगर के गहड़, जाखणीधार के कंडियाल गांव और बिसातली, देवप्रयाग के नगर, जोग्याणा और क्यारसोड़, चंबा के बनाली, पांगरखाल और भंडारगांव तथा भिलंगना के धारंगांव में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
वहीं, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नई टिहरी और राजकीय इंटर कॉलेज मरोड़ा में भी जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। छात्र-छात्राओं ने चित्रकला और स्लोगन लेखन प्रतियोगिताओं, जागरूकता रैली एवं नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से मतदान का महत्व बताया। महिलाओं और बच्चों ने मेहंदी के जरिए भी मतदाता जागरूकता का संदेश दिया। खेल प्रतियोगिताओं के दौरान खिलाड़ियों और दर्शकों को मतदान की शपथ दिलाकर लोकतंत्र में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक मतदाता की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि स्वीप अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों, शिक्षण संस्थानों और विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में लोगों को जोड़कर मतदान के प्रति जागरूक किया जा रहा है, ताकि आगामी विधानसभा चुनाव में अधिक से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करें।




