ईगास दिवाली मिलन समारोह में कांग्रेस ने भरी चुनावी हुंकार, 2027 में सरकार बनाने का संकल्प

Govind Pundir
3 Min Read
खबर को सुनें

भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, महंगाई और बेरोजगारी को लेकर साधा निशाना, मेडिकल कॉलेज निर्माण का मुद्दा भी उठा

टिहरी गढ़वाल । बौराड़ी पार्किंग वेंडिंग प्वाइंट में रविवार को टिहरी विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से ईगास दिवाली मिलन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भागीदारी की। इस मौके पर महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने स्वाले, दाल के पकोड़े भी बनाए। समारोह का आयोजन कांग्रेस के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी नरेंद्र चंद रमोला के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
समारोह में टिहरी विधानसभा प्रभारी बीरेन्द्र पोखरियाल, देवेन्द्र पाल, महेश जोशी तथा प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा की गई और संगठन को मजबूत बनाने के साथ चुनावी रणनीति पर मार्गदर्शन दिया गया।
कांग्रेस नेताओं बीरेन्द्र पोखरियाल और देवेन्द्र पाल ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार, महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है। उन्होंने महिलाओं के उत्पीड़न के मामलों को लेकर भी सरकार को घेरा। साथ ही भाजपा की एक कैबिनेट मंत्री पर उनके पति की ओर से लगाए गए 210 करोड़ रुपये के कथित भ्रष्टाचार के आरोपों का उल्लेख करते हुए सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग की।
प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी ने कार्यकर्ताओं से आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए अभी से जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भारी बहुमत से जीतकर प्रदेश में सरकार बनाएगी। उन्होंने टिहरी में मेडिकल कॉलेज निर्माण के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार बनने पर मेडिकल कॉलेज निर्माण को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने सवाल उठाया कि टिहरी जिले से भाजपा के पांच विधायक होने के बावजूद मेडिकल कॉलेज के मुद्दे पर सभी चुप्पी साधे हुए हैं।
कार्यक्रम में नरेंद्र चंद रमोला, मान सिंह रौतेला, विजय गुनसोला, साब सिंह सजवाण, मुशर्रफ अली, ज्योति भट्ट, आदि ने भी अपने विचार रखे। इस दौरान महावीर उनियाल, सोबन सिंह नेगी, आशा रावत,  सुमना रमोला, सीमा कृशाली, देवेन्द्र नौडियाल, शांति भट्ट, विक्रम पंवार और जुनेद खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन कुलदीप पंवार ने किया। कार्यक्रम में पत्रकारों को भी सम्मानित किया गया।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!