बेडधार इंटर कॉलेज में आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण, छात्र-छात्राओं को सिखाए खोज-बचाव और प्राथमिक उपचार के गुर

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

CPR देने, घायलों को सुरक्षित निकालने और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की दी गई जानकारी, भूदेव ऐप के प्रति भी किया जागरूक

टिहरी गढ़वाल । जनपद में आपदा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए लोगों को प्रशिक्षित करने के उद्देश्य से गुरुवार को राजकीय इंटर कॉलेज बेडधार में आपदा जनजागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, टिहरी गढ़वाल के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं और विद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मचारियों को आपदा प्रबंधन, खोज-बचाव तथा प्राथमिक उपचार का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं से बचाव के तरीके बताए गए। प्रतिभागियों को खोज एवं बचाव कार्यों में इस्तेमाल होने वाले बुनियादी उपकरणों, आपातकालीन टोल फ्री नंबरों तथा जीवन रक्षक तकनीक सीपीआर (CPR) देने की विधि का प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ ही अत्यधिक रक्तस्राव रोकने की तकनीक, स्थानीय संसाधनों से स्ट्रेचर तैयार करने और घायलों को सुरक्षित तरीके से उठाकर ले जाने के तरीके भी समझाए गए। खोज एवं बचाव कार्यों में उपयोग होने वाली विभिन्न प्रकार की गांठें बांधने का अभ्यास भी कराया गया।
मास्टर ट्रेनर ने बाढ़ एवं जलभराव, भूकंप, घरेलू आग और जंगल की आग जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में क्या करें और क्या न करें, इसकी जानकारी देते हुए सुरक्षित रहने के उपाय बताए। इस दौरान भूदेव ऐप की उपयोगिता, उसके डाउनलोड और आपदा के समय उसके इस्तेमाल के बारे में भी जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य राकेश कुमार, लक्ष्मी प्रसाद उनियाल, हरीश बरमोला, शशी जोशी सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!